
लखनऊ। सर्दी-जुकाम और बुखार होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं लेना अब आम होता जा रहा है। दवाओं के इस अनियंत्रित इस्तेमाल का नतीजा है कि बैक्टीरिया और दूसरे सूक्ष्मजीवों में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो रही है। इससे एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि एंटीबायोटिक दवाएं धीरे-धीरे बेअसर होती जा रही हैं और भविष्य में सामान्य संक्रमणों का इलाज भी मुश्किल हो सकता है। इस गंभीर खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बुधवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से जागरूकता वॉकथॉन निकाली गई।
विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह (18 से 24 नवंबर) के तहत आयोजित वॉकथॉन का शुभारंभ प्रति कुलपति प्रो. अंजू अग्रवाल ने प्रशासनिक भवन के सामने हरी झंडी दिखाकर किया। वॉकथॉन में शामिल प्रतिभागियों ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं का बिना जरूरत और डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल न करने का संदेश दिया। साथ ही संक्रमण से बचाव और दवाओं के जिम्मेदारीपूर्ण इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग की प्रो. शीतल वर्मा ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल और बिना चिकित्सकीय सलाह के इन्हें लेना एएमआर की समस्या को बढ़ा रहा है। इसका असर भविष्य में इलाज पर पड़ सकता है और सामान्य संक्रमणों के लिए भी प्रभावी दवाएं मिलना मुश्किल हो सकता है। कई बार मरीज निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही एंटीबायोटिक लेना बंद कर देते हैं, जो इस समस्या को और गंभीर बनाता है। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का विवेकपूर्ण इस्तेमाल केवल डॉक्टरों की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। संक्रमण की रोकथाम और दवाओं के सही इस्तेमाल से ही इनकी प्रभावशीलता को बनाए रखा जा सकता है।
वॉकथॉन प्रशासनिक भवन से शुरू होकर ओपीडी भवन और गांधी मेमोरियल होते हुए कलाम सेंटर पर समाप्त हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने एएमआर से बचाव और एंटीबायोटिक के सही इस्तेमाल से जुड़े नारे लगाए। इससे मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों का ध्यान भी इस गंभीर स्वास्थ्य चुनौती की ओर आकर्षित किया गया।
इस वर्ष जागरूकता सप्ताह की थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन : एएमआर नाउ’ रखी गई है। इसके तहत मानव, पशु, कृषि और पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक-दूसरे से जुड़ा बताते हुए एएमआर की रोकथाम के लिए सभी स्तरों पर सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उप अधिष्ठाता प्रो. विमला वेंकटेश, कार्यवाहक अधिष्ठाता दंत चिकित्सा संकाय प्रो. नंदलाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बीके ओझा, मुख्य कुलानुशासक प्रो. आरएएस कुशवाहा, नर्सिंग संकाय की अधिष्ठाता प्रो. अमिता पांडेय, प्रो. राज कुमार कल्याण, प्रो. प्रशांत गुप्ता, डॉ. शीतल वर्मा, डॉ. श्रुति राडेरा, डॉ. वसुधा और डॉ. सर्वोदय समेत विश्वविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य शामिल हुए।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




