महामहिम के पर्सनल सिक्योरिटी अफसर बने ‘जीवन रक्षक’

कोचिंग सेंटर में लगी आग के बीच दिखाई बहादुरी, 6 छात्रों को सुरक्षित निकाला
लखनऊ। राजधानी के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग के दौरान एक साहसिक घटना सामने आई। महामहिम राज्यपाल के पर्सनल सिक्योरिटी अफसर समरजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर जोखिम उठाते हुए कई छात्रों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बताया गया कि ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय उन्होंने रास्ते में कोचिंग सेंटर में लगी आग और मदद के लिए पुकारते छात्रों को देखा। आसपास अफरा-तफरी का माहौल था। ऐसे में उन्होंने बिना देर किए राहत प्रयासों में हिस्सा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समरजीत सिंह ने नीचे उतर रहे छात्रों को सहारा दिया, पीछे की ओर से रास्ता बनाने के प्रयासों में सहयोग किया और पानी की बौछार के बीच अंदर तक पहुंचकर फंसे छात्रों को बाहर निकालने में मदद की। उनके प्रयासों से 6 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
समरजीत सिंह ने बताया कि वह केवल वही कर रहे थे जो उन्हें उस समय सही लगा। उनका कहना है कि सबसे बड़ी राहत इस बात की है कि उनके प्रयास से लोगों की जान बच सकी।
इस साहसिक कार्य की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है और कई लोगों ने इसे मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया।
“जब लोग वीडियो बना रहे थे, तब एक अधिकारी मदद के लिए आगे बढ़ा।”
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




