सीतापुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में 11 फरवरी 2026 को कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह उत्साह, उमंग और यादगार पलों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य आर. के. सिंह द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने तिलक एवं पुष्पवर्षा कर अपने सीनियर्स का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें सम्मानपूर्वक स्थान ग्रहण कराया। इस विशेष अवसर पर कक्षा 12 के विद्यार्थियों के मंगलमय भविष्य की कामना के लिए हवन का आयोजन भी किया गया, जिससे वातावरण श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।
इसके पश्चात जूनियर्स ने गीत, नृत्य और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन जीवन की खट्टी-मीठी यादें साझा कीं। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से जूनियर्स को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और कठिन परिश्रम से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी। शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कई छात्र-छात्राएं भावुक भी हो उठे, जिससे वातावरण भावनात्मक हो गया।
प्रधानाचार्य आर. के. सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि शिक्षक और छात्र का संबंध केवल कक्षा तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह मार्गदर्शन, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य की नींव पर आधारित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन की नई शुरुआत के लिए कठिन परिश्रम, ईमानदारी और लक्ष्य पर केंद्रित रहने का संदेश दिया। विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस फरह इमाम ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समस्त शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
समारोह का विशेष आकर्षण रहा मिस्टर फेयरवेल और मिस फेयरवेल की घोषणा। इस वर्ष देवमन सेठ को मिस्टर फेयरवेल और समृद्धि सिन्हा को मिस फेयरवेल चुना गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा 11 की छात्राओं ईशल फातिमा, ओजस्वी सिंह, मरहबा इरफान एवं आराध्या ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य आर. के. सिंह, हेडमिस्ट्रेस सविता सिंह, पुस्तकालय अध्यक्ष शैलेंद्र यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
विदाई समारोह ने जहां सीनियर्स को यादगार पल दिए, वहीं जूनियर्स के लिए भी यह आयोजन प्रेरणा और उत्साह से भरा अनुभव साबित हुआ।
