लोकबंधु अस्पताल में लगी भीषण आग, मरीजों को दूसरे अस्पताल भेजा गया
उपमुख्यमंत्री, डीएम सहित कई अधिकारी मौके पर, भीषण आग के बीच से सभी मरीजों को 108 व 102 एम्बुलेंसों से सुरक्षित दूसरे अस्पताल भेजा गया

Lucknow: लखनऊ में कानपुर रोड स्थित लोकबंधु चिकित्सालय में सोमवार रात करीब 9:30 बजे भीषण आग लग गई। आग दूसरे तल पर स्थित आईसीयू वार्ड में लगी थी। लेकिन समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल कर दूसरे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। अग्निशमन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और 108 व 102 एम्बुलेंस सेवाओं के क्विक रिस्पांस की सहायता से सभी मरीजों को अगले दो घंटे में दूसरे अस्पतालों में भर्ती करा दिया।
डिप्टी सीएम पहुंचे लोकबंंधु अस्पताल
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक अस्पताल में भीषण आग की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सीनियर अधिकारियों और जिलाधिकारी से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद अस्पताल में फंसे मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया है अभी तक की जानकारी में कोई जनहानि नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकबंधु की तरह ही दूसरे अस्पतालों में भी इन मरीजों का नि:शुल्क इलाज किया जाएगा।
लोकबंधु अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजीव दीक्षित के अनुसार सोमवार सुबह करीब 253 मरीज भर्ती थे, इनमें कुछ दोपहर में डिस्चार्ज होने के बाद लगभग 225 मरीज रात को भर्ती थे। आग की घटना के बाद समय रहते सभी मरीजों को सकुशल केजीएमयू, , बलरामपुर और सिविल अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया है। इन मरीजों में करीब 10 बच्चे भी शामिल है। डॉ. राजीव दीक्षित के मुताबिक कोई मरीज आग की घटना से गंभीर नहीं हुआ है। कुछ भर्ती मरीज स्वेच्छा से घर चले गए, अन्य सभी को विभिन्न अस्पतालों में भेज दिया गया है।
बचाव कार्य में अस्पताल प्रशासन के अलावा डॉक्टर्स और कर्मचारियों ने अथक प्रयास से बड़ी दुर्घटना कम किया जा सका है ।
सूचना मिलते ही पहुंची 3 दर्जन एम्बुलेंस
अस्पताल में आग की सूचना मिलते ही करीब तीन दर्जन एम्बुलेंस कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 108 एम्बुलेंस के साथ ही 102 एम्बुलेंसों को भी मौके पर भेज दिया गया। सरकारी एम्बुलेंसों की तत्परता से सभी मरीजों को समय रहते दूसरे अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया।
वार्ड में तब करीब 25 मरीज भर्ती थे। इससे पहले की मरीज और तीमारदार कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें देख वार्ड में चीख पुकार मच गई। डॉक्टर और अन्य स्टाफ ने तीमारदारों को निकालने का प्रयास किया। इस बीच वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। वहीं, एक मरीज की मौत हो गई है।