पंकज चौधरी का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय
Lucknow: केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) भाजपा (BJP) के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। केंद्रीय चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में उनके नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे। शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी का नामांकन हुआ, जो एकमात्र नामांकन होने के कारण उनका अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।
पंकज चौधरी भाजपा के चौथे ऐसे प्रदेश अध्यक्ष होंगे, जो कुर्मी बिरादरी से आते हैं। उनसे पहले ओम प्रकाश सिंह, विनय कटियार और स्वतंत्र देव सिंह इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
इसे भी पढ़ें: केजीएमयू में जहर का मिलेगा सटीक इलाज
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंकज चौधरी शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। पंकज चौधरी के पहुंचने से पहले ही उनका नामांकन पत्र लिया जा चुका था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में उन्होंने अपना नामांकन पत्र पार्टी के चुनाव अधिकारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय तथा केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े को सौंपा।
नामांकन के प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, दारा सिंह चौहान, एके शर्मा, असीम अरुण और केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें: बिना उपभोक्ता की सहमति स्मार्ट मीटर को प्री-पेड में बदलना गलत
नामांकन की प्रक्रिया को लेकर पार्टी कार्यालय में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा। शुक्रवार को ही पंकज चौधरी का नाम तय होने के बाद शनिवार सुबह से ही प्रदेश कार्यालय के आसपास उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। दोपहर तक कार्यालय के चारों ओर पंकज चौधरी के पोस्टर और बैनरों से सजी गाडिय़ां नजर आने लगीं। दोपहर करीब 12.30 बजे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया।
पंकज चौधरी के पार्टी मुख्यालय पहुंचने के कुछ समय बाद ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यालय पहुंचे। उनसे पहले दोनों उप मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही नामांकन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी कर ली गई। नामांकन की समय-सीमा समाप्त होने तक मुख्यमंत्री पार्टी कार्यालय में उपस्थित रहे।
डिप्टी मेयर के साथ सात बार सांसद रहे पंकज
भाजपा के अध्यक्ष पद के मुख्य दावेदार पंकज चौधरी केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनैतिक सफर की शुरूआत 1989 में गोरखपुर नगर निगम पार्षद के चुनाव से की थी। करीब 36 सालों का पंकज का सियासी सफर शानदार रहा है। 20 नवंबर 1964 को गोरखपुर में जन्मे पंकज चौधरी गोरखपुर के डिप्टी मेयर भी रहे। पंकज चौधरी पहली बार 1991 में महाराजगंज लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। इसके बाद 1996, 1998, 2004, 2019 और 2024 में उन्होंने इस सीट पर जीत दर्ज की। 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव को छोड़ दें, तो उनका राजनीतिक सफर लगातार सफलता की मिसाल रहा है।
पंकज चौधरी के सामने होंगी कई चुनौतियां
प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी के सामने कई अहम चुनौतियां होंगी। अगले वर्ष पंचायत चुनाव और वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इन चुनावों से पहले कुर्मी वोट बैंक को फिर से एकजुट करना और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। लोकसभा चुनावों में कुर्मी मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा भाजपा से दूर हुआ था। यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व ने कुर्मी समाज से आने वाले पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है। अब उन्हें संगठनात्मक मजबूती और जातीय समीकरणों को साधते हुए नेतृत्व के फैसले को सही साबित करना होगा। मालूम हो कि यूपी में कुर्मी वोट बैंक 7 से 10 प्रतिशत के बीच माना जाता है और करीब 50 विधानसभा सीटों पर इसकी निर्णायक भूमिका रहती है।
