सीएम योगी के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले खिलाड़ियों के चेहरे, बोले- पारदर्शी प्रक्रिया से मिली नौकरी
कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खिलाड़ियों को मिली यूपी पुलिस में नियुक्ति, बॉक्सर अभय सिंह बोले- कभी नहीं सोचा था मुख्यमंत्री के हाथों मिलेगा नियुक्ति पत्र
लखनऊ, 8 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए कुशल खिलाड़ी कोटे के अंतर्गत चयनित 470 खिलाड़ियों को यूपी पुलिस में नियुक्ति का अवसर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिए। मुख्यमंत्री के नियुक्ति पत्र पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस मौके पर खिलाड़ियों ने एक स्वर में कहा कि पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नौकरी मिली है।
2018 से बॉक्सिंग में जुटे अभय को यूपी पुलिस में मिला कॉन्स्टेबल पद
लखनऊ निवासी बॉक्सिंग खिलाड़ी अभय सिंह राठौर की यूपी पुलिस में कॉन्स्टेबल पद पर नियुक्ति हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर बेहद खुशी हो रही है। अभय सिंह वर्ष 2018 से बॉक्सिंग खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मेरठ के शार्दूल विहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए बेहद गौरव का क्षण है। उन्होंने इसे कई वर्षों की मेहनत का इनाम बताया। शार्दूल विहान एशियन गेम्स 2018 में सिल्वर मेडल और एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अब पढ़ाई के साथ खेल में बेहतर प्रदर्शन कर सरकारी नौकरी हासिल करने के अवसर भी उपलब्ध हैं।
तनु भारती ने खेल के जरिए पुलिस में नौकरी को बताया बड़ी उपलब्धि
लखनऊ की साइकिलिंग खिलाड़ी तनु भारती ने कहा कि खेल के माध्यम से पुलिस विभाग में नौकरी मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अधिक से अधिक लड़कियों से खेलों में आगे आने और अपनी प्रतिभा को निखारने की अपील की।
राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रतिमा सरोज को यूपी पुलिस में मिली नियुक्ति
बागपत की मधु को भी यूपी पुलिस में नियुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस में नौकरी मिलने से खिलाड़ियों को बेहतर सपोर्ट मिलेगा और अभ्यास के लिए भी उचित समय मिल सकेगा। उन्होंने स्पोर्ट्स कोटे से खिलाड़ियों को नौकरी देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। वहीं, गोरखपुर की राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रतिमा सरोज को भी यूपी पुलिस में नियुक्ति मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि 2015 से लगातार हॉकी खेल रही हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




