रायबरेली के दौतरा स्कूल ने रचा इतिहास: ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय’ रेटिंग में पूरे भारत में पाई 51वीं रैंक

महराजगंज (रायबरेली)। जिले के महराजगंज ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने एक बार फिर से इतिहास रच दिया है। इस विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर एक ऐतिहासिक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय को ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26’ (Swachh Evam Harit Vidyalaya Rating (SHVR)) प्रतियोगिता में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। स्कूल ने पूरे देश में 51वीं रैंक हासिल की है। इस शानदार जीत ने रायबरेली के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

14.75 लाख स्कूलों को पछाड़ा
बता दें भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देशन में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 14.75 लाख सरकारी एवं निजी विद्यालयों का विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर जनपद, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया गया। अंतिम चरण में पूरे देश से केवल 191 विद्यालयों को विजेता घोषित किया गया, जिनमें उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद का प्राथमिक विद्यालय दौतरा भी शामिल है।

टीम वर्क और नवाचार से मिली कामयाबी
विद्यालय की इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे वर्ष 2018 से विद्यालय में कार्यरत शिक्षक आशीष प्रताप सिंह का दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचारपूर्ण कार्यशैली, सतत प्रयास तथा सतत परिश्रम प्रमुख आधार रहे हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार के शिक्षकों संजीव कुमार बाजपेई, विष्णु साहू, सुषमा पाण्डेय एवं शेष दत्त गुप्ता के साथ मिलकर टीम भावना से कार्य करते हुए छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, ग्राम प्रधान, ग्राम समुदाय, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पिछले आठ वर्षों में विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।

यह उपलब्धि केवल प्राथमिक विद्यालय दौतरा की नहीं, बल्कि सम्पूर्ण रायबरेली जनपद एवं उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय की सफलता यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद समर्पण, नवाचार और सामुदायिक सहभागिता के बल पर राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियाँ प्राप्त की जा सकती हैं।

नई दिल्ली में मिलेगा 1 लाख का अनुदान
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार द्वारा आगामी जुलाई माह में नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में सभी विजेता विद्यालयों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट ऑफ़ मेरिट) के साथ एक लाख रुपये की अतिरिक्त अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रधानाध्यापक व हेडमास्टर को शैक्षिक एक्सपोज़र विजिट का अवसर भी दिया जाएगा।

सीमित संसाधनों में पेश की नजीर
विद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बीईओ राम मुलन यादव सहित अन्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। दौतरा से दिल्ली तक गूंजा नाम, राष्ट्रीय जीत ने बढ़ाया रायबरेली और उत्तर प्रदेश का सम्मान।




