रायबरेली: दौतरा विद्यालय ने रचा इतिहास, CM Yogi ने प्रधानाध्यापक आशीष प्रताप सिंह को किया सम्मानित

रायबरेली। विकास क्षेत्र महराजगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने एक नया मुकाम हासिल किया है। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक आशीष प्रताप सिंह को बुधवार को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया। वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। यहाँ सीएम योगी ने प्रदेश में कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ किया। इसी दौरान मंच से प्रदेश के 12 उत्कृष्ट विद्यालयों को सम्मानित किया गया।
देशभर में हासिल की 51वीं रैंक
बता दें, प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय प्रतियोगिता वर्ष 2025-26 (Green School Rating) में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक आशीष प्रताप सिंह व अन्य शिक्षकों के प्रयास से प्रदेश भर से चयनित 20 विद्यालयों में स्थान बनाया है। राज्य स्तर पर यह प्रतियोगिता जीतकर जनपद रायबरेली का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। विद्यालय द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर, जल संरक्षण एवं नवाचार आधारित गतिविधियों को प्रभावी रूप से लागू किए जाने के चलते यह सफलता मिली है।
यह भी पढ़ें: सीएम योगी की बड़ी सौगात, Teachers के लिए Cashless Medical Scheme का शुभारंभ, Students को मिले 1320 करोड़
14.75 लाख स्कूलों के बीच हुआ मूल्यांकन
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देशन में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 14.75 लाख सरकारी एवं निजी विद्यालयों का स्वच्छता, हरित वातावरण, जल संरक्षण, पर्यावरणीय जागरूकता एवं अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इस बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद पूरे देश से मात्र 191 विद्यालयों को राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया, जिनमें जिले के प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने भी अपनी जगह बनाकर नया इतिहास रच दिया।
यह भी पढ़ें: यूपी में बढ़ रहा Electric Vehicles का क्रेज: EV Subsidy Scheme के आवेदनों में लखनऊ नंबर वन
टीम वर्क और दूरदर्शी सोच का परिणाम
विद्यालय की इस सफलता के पीछे वर्ष 2018 से विद्यालय में कार्यरत शिक्षक आशीष प्रताप सिंह की दूरदर्शी सोच, नवाचारपूर्ण कार्यशैली और सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए। शिक्षक आशीष प्रताप सिंह ने विद्यालय परिवार के शिक्षकों संजीव कुमार बाजपेई, विष्णु साहू, सुषमा पाण्डेय एवं शेष दत्त गुप्ता के साथ मिलकर टीम भावना से कार्य करते हुए विद्यालय को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम योगदान दिया। भारत सरकार द्वारा आगामी जुलाई माह में नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में सभी राष्ट्रीय विजेता विद्यालयों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालय को एक लाख रुपये की अतिरिक्त अनुदान राशि भी दी जाएगी।




