रायबरेली: एक ही रात में 2 सरकारी स्कूलों के टूटे ताले, एमडीएम (MDM) का राशन और बर्तन ले उड़े चोर

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में अज्ञात चोरों के हौसले बुलंद हैं। भदोखर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने एक ही रात में दो सरकारी विद्यालयों को अपना निशाना बनाया है। चोरों ने राही ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय एकौना और उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे गोडियन के रसोईघर का ताला तोड़कर मिड-डे मील (MDM) का राशन और बर्तन पार कर दिए। एक ही रात में हुई इन दो चोरियों से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
बारिश की छुट्टी का उठाया फायदा
प्राथमिक विद्यालय एकौना के प्रधानाध्यापक अजय सिंह और उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे गोडियन की प्रधानाध्यापक ममता तिवारी ने बताया कि शनिवार की सुबह जब हम विद्यालय पहुँचे तो विद्यालय में रसोईघर का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बरसात अधिक होने की वजह से जिलाधिकारी की तरफ से अवकाश घोषित कर दिया गया था, इसी वजह से कोई विद्यालय नहीं आया था। आज हम लोग जब पहुँचे तो देखा कि ताला तोड़कर चोरों ने एमडीएम बनाने के बर्तन व राशन को साफ कर दिया।
प्राथमिक विद्यालय एकौना के प्रधानाध्यापक अजय सिंह ने तहरीर देकर बताया कि 100 लीटर के पांच भगौने व राशन उठा ले गए हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे गोडियन की प्रधानाध्यापक ममता तिवारी ने बताया कि उनके विद्यालय से चोरों ताला तोड़कर बर्तन के साथ में तीन बोरी गेहूं और चावल को उठा ले गए। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी 27 अक्टूबर 2025 को चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर राशन व अन्य सामान उठा ले गए थे।
घटना की सूचना प्रधानाध्यापकों ने स्थानीय पुलिस और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। बीईओ राही बृजलाल ने बताया कि इसी महीने ब्लॉक के चार विद्यालयों में चोरी हो चुकी हैं। विद्यालय के प्रधानाध्याकों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।




