5-Day Banking की मांग तेज: लखनऊ में बैंक कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, सरकार को दी बड़ी चेतावनी

लखनऊ: 5 दिवसीय बैंकिंग (5-day banking) की मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को लखनऊ में बैंक कर्मियों ने अपनी इस मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले आयोजित किया गया।
लालबाग स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के सामने सैकड़ों बैंक कर्मी जुटे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और आईबीए (IBA) को चेतावनी दी। उनकी एकमात्र मांग है कि बैंकों में 5-day work week को तुरंत लागू किया जाए।
RBI और LIC में 5 दिन काम, तो बैंकों में क्यों नहीं?
एनसीबीई (NCBE) के महामंत्री कॉमरेड डी.के. सिंह ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक (RBI), एलआईसी (LIC), सेबी (SEBI) और नाबार्ड (NABARD) जैसे कई विभागों में 5 कार्य दिवस लागू है। ऐसे में सिर्फ बैंक कर्मचारियों के साथ यह नाइंसाफी क्यों की जा रही है?

वहीं, राज्य संयोजक कॉमरेड वाई.के. अरोड़ा ने एक अहम प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि 5 दिनी बैंकिंग लागू होने पर बैंक कर्मचारी प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त काम करने को भी पूरी तरह तैयार हैं।
यह भी पढ़ें: फैटी लिवर से बढ़ रहा है नींद में सांस रुकने का खतरा, रिसर्च में बड़ा खुलासा
IBA ने भेजा प्रस्ताव, सरकार की मंजूरी का इंतज़ार
कॉमरेड एस.के. संगतानी ने बताया कि आईबीए (IBA) ने बैंक यूनियनों की यह मांग मान ली है। इसे अंतिम अनुमोदन (Approval) के लिए सरकार के पास भेज दिया गया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार इस पर कोई सुनवाई नहीं कर रही है।
यह भी पढ़ें: SGPGI Lucknow का रिसर्च में बड़ा मुकाम: ICMR से मिले ₹20 करोड़, 8 अहम मेडिकल प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी
जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने पूर्व में हुए संघर्षों की याद दिलाई। उन्होंने बताया कि बैंक कर्मियों ने 27 जनवरी को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल भी की थी। इसके अलावा रैलियां, धरने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर भी लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
यह कोई भीख नहीं, हमारा अधिकार है
प्रदर्शन के दौरान कॉमरेड लक्ष्मण सिंह ने स्पष्ट किया कि 5 दिवसीय बैंकिंग कोई भीख नहीं है। यह बैंक कर्मचारियों का जायज़ अधिकार है।
इस मौके पर संदीप सिंह, सचिन केसरवानी, वी.के. माथुर और अशोक अग्रवाल समेत कई अन्य बैंक नेताओं ने भी अपनी बात रखी। नेताओं ने कहा कि बैंक कर्मियों पर काम का भारी दबाव और तनाव रहता है। इसे देखते हुए 5 दिवसीय बैंकिंग जल्द से जल्द लागू होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: यूपी मौसम अपडेट: 13 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून, 18 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने सरकार को सीधी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी यह मांग नहीं मानी गई, तो केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बैंक कर्मी एक लंबे और बड़े संघर्ष के लिए तैयार हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




