UP

रायबरेली के प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने रचा इतिहास, स्वच्छता की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता (SHVR) में बना विजेता

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। महराजगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने अपनी स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन के दम पर प्राइवेट स्कूलों को पछाड़ते हुए राज्य स्तर पर बड़ी जीत हासिल की है। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 में विद्यालय को प्रदेश स्तर पर विजेता घोषित किया गया है।

पूर्व में यह विद्यालय जनपद स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर चुका है। अब प्रदेश स्तर पर विजेता बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करने वाला प्राथमिक विद्यालय दौतरा इस उपलब्धि के साथ विद्यालय राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए पात्र हो चुका है।

स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एचएचवीआर) मूल्यांकन प्रतियोगिता राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप विद्यालयों में स्वच्छता, हरित वातावरण, व्यवहार परिवर्तन और सतत रखरखाव को बढ़ावा देता है। इसका मूल्यांकन जिला, राज्य व केंद्र शासित प्रदेश और राष्ट्रीय—तीन स्तरों पर चरणबद्ध प्रक्रिया से किया जाता है। प्राथमिक विद्यालय दौतरा की यह सफलता पूरे जनपद रायबरेली के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय परिवार पूर्ण उत्साह के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अग्रसर है।

विद्यालय के सहायक अध्यापक आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एचएचवीआर) के मानक में सुरक्षित पेयजल व जल संरक्षण, शौचालय के स्वच्छता, उपलब्धता और नियमित रखरखाव, साबुन से हाथ धोना यानि बच्चों में नियमित हैंडवॉश की आदत बनाना, विद्यालय का संचालन एवं रखरखाव के साथ ही स्वच्छ परिसर और संसाधनों का सतत प्रबंधन, बच्चों व समुदाय में स्वच्छता जागरूकता, मिशन लाइफ गतिविधियाँ के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल को प्रमुख रूप से रखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर चयन के पश्चात अब राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालयों का मूल्यांकन किया जाएगा। जिसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतियोगिता जीतने वाले शीर्ष 200 विद्यालयों को केंद्र सरकार द्वारा ‘राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एचएचवीआर) पुरस्कार 2025-26’ से सम्मानित किया जाएगा।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर सहायक अध्यापक आशीष प्रताप सिंह, विष्णु साहू, संजीव कुमार बाजपेई, सुषमा पाण्डेय, शेष दत्त गुप्ता का विशेष योगदान रहा है, और ये सभी शिक्षक अब राष्ट्रीय स्तर की तैयारी में सक्रिय रूप से जुट गए हैं।

इसके साथ ही ग्राम प्रधान संदीप कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अजय कुमार मौर्या के साथ ही सभी छात्र-छात्राएँ, अभिभावक एवं ग्रामवासियों का बहुत बड़ा योगदान है।
खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने विद्यालय की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने स्वच्छता और हरित वातावरण के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनपद में प्रथम और प्रदेश में विजेता बनकर विद्यालय ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। हमें विश्वास है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय अपनी उत्कृष्टता सिद्ध करेगा।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button