UP Board Result: दयाल शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज भदोखर का शानदार प्रदर्शन, 100% रहा रिजल्ट, प्रांशु यादव को मिली साइकिल

रायबरेली: माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा घोषित हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में रायबरेली के भदोखर स्थित दयाल शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज ने शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उत्साहवर्धन किया गया।
प्रांशु यादव ने किया हाई स्कूल टॉप
हाई स्कूल की बोर्ड परीक्षा में प्रांशु यादव ने 91% अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, प्रांशु जायसवाल 88% अंकों के साथ द्वितीय और अंजलि यादव 87% अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। इंटरमीडिएट की बात करें तो यहाँ छात्राओं का दबदबा देखने को मिला, जिसमें रश्मि और काजल ने क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
टॉपर को साइकिल भेंट कर किया गया सम्मानित
विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय सूर्य पाल सिंह यादव की स्मृति में ‘सूर्य पाल सिंह यादव मेधावी सम्मान’ का आयोजन किया गया। इसके तहत हाई स्कूल के टॉपर प्रांशु यादव को साइकिल प्रदान की गई। साथ ही, बेहतर अंक लाने वाले सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया।
ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को मिल रही आधुनिक शिक्षा
इस मौके पर प्रधानाचार्या प्रतिभा यादव ने बताया कि 1982 में श्री सूर्य पाल सिंह यादव द्वारा स्थापित यह विद्यालय क्षेत्र का अग्रणी इंटरमीडिएट कॉलेज है। इसका एकमात्र उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतरीन शिक्षा और उच्च संस्कार देना है। विद्यालय आज अपने 45वें वर्ष में संस्थापक के नाम पर निःशुल्क प्रवेश, फ्री कंप्यूटर क्लास और सोलर पैनल द्वारा बच्चों को एक शानदार माहौल में शिक्षा दे रहा है। इसके अलावा, पितृविहीन तथा SC, ST, OBC और EWS वर्ग के होनहार बच्चों को पढ़ाई के लिए फीस में भारी छूट भी दी जा रही है।
छात्रों को दी गई सोशल मीडिया से दूर रहने की नसीहत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डॉ. बलवंत सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में सफलता के लिए निरंतर अध्ययन और लगन बहुत जरूरी है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य पर फोकस करने और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। वहीं, उप प्रधानाचार्य मनीष यादव ने बताया कि परीक्षा में अच्छे प्रतिशत के लिए सभी विषय महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए सभी पर समान रूप से ध्यान देना चाहिए।
सम्मान समारोह का सफल संचालन उप प्रधानाचार्य राम बाबू द्वारा किया गया। इस अवसर पर विनोद यादव, सीपी गुप्ता, राजकुमारी पाल, विनीता यादव, स्वाती तिवारी, अंजलि, जे एन यादव, एस पी सिंह, वीरेंद्र कुमार, कौशल कुमार, आर पी यादव, संजय राव समेत कई गणमान्य लोग, शिक्षकगण और अभिभावक उपस्थित रहे।




