योग साधकों का होगा सम्मान, एमएलसी अवनीश सिंह ने घोषित किया ‘योग गौरव सम्मान 2026’, 19 जून को होगा भव्य सम्मान समारोह

लखनऊ। स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में योग की भूमिका को सम्मानित करने के उद्देश्य से लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने ‘अवनीश योग संकल्प’ अभियान के तहत ‘योग गौरव सम्मान 2026’ की घोषणा की है। इस सम्मान समारोह का आयोजन आगामी 19 जून 2026 को लखनऊ में किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के उत्कृष्ट योग साधकों, योग प्रशिक्षकों, संस्थाओं और सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य उन लोगों को पहचान और सम्मान देना है जिन्होंने योग को केवल स्वास्थ्य तक सीमित न रखकर सामाजिक जागरूकता, मानसिक संतुलन और सामुदायिक विकास का प्रभावी माध्यम बनाया है। सम्मान के जरिए योग आधारित जनजागरूकता अभियानों को बढ़ावा देने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले कार्यों को मंच प्रदान किया जाएगा।
सम्मान हेतु नामांकन चार प्रमुख श्रेणियों में आमंत्रित किए गए हैं— योग लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, युवा एवं बाल योग प्रेरणा अवॉर्ड, यंग योग ट्रेनर अवॉर्ड तथा योग संस्थान उत्कृष्टता अवॉर्ड। योग गुरु, प्रशिक्षक, साधक, विद्यालय, ट्रस्ट, आश्रम, सामाजिक संगठन और युवा प्रतिभाएं इन पुरस्कारों के लिए आवेदन कर सकती हैं।
अंतिम चयन पाँच सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा योग क्षेत्र में योगदान, सामाजिक प्रभाव, जनभागीदारी, नेतृत्व क्षमता और नवाचार जैसे मानकों के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है, जो स्वस्थ व्यक्तित्व और सशक्त समाज के निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि ‘योग गौरव सम्मान 2026’ के माध्यम से योग के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित कर समाज को प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
नामांकन प्रक्रिया 16 जून 2026 तक खुली रहेगी, जबकि चयनित प्रतिभागियों को 19 जून 2026 को लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।




