डीपीआरए ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात, केंद्र की तर्ज पर यूपी में पदनाम और वेतनमान संशोधन की मांग

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के फार्मासिस्ट संवर्ग के पदनाम एवं वेतनमान में संशोधन की मांग तेज हो गई है। ‘डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन’ (DPRA) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार 29 जून को उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे की अहम कड़ी माने जाने वाले फार्मासिस्टों के पदनाम और वेतनमान में संशोधन को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।
केंद्र की तर्ज पर संशोधन की मांग
डीपीआरए के प्रवक्ता राजीव कुमार ने बताया कि एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के समक्ष यह प्रमुख मांग रखी है कि केंद्र सरकार की भांति उत्तर प्रदेश राज्य के फार्मासिस्टों का भी पदनाम और वेतनमान तत्काल प्रभाव से संशोधित किया जाए। एसोसिएशन ने भारत सरकार के 10 जून 2026 को जारी राजपत्र का विशेष रूप से हवाला दिया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि केंद्र सरकार के नए मानकों की तर्ज पर राज्य के फार्मासिस्टों का पदनाम और वेतनमान भी तत्काल प्रभाव से संशोधित किया जाए। पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को यह भी याद दिलाया कि केंद्र सरकार द्वारा किया गया कोई भी ऐसा संशोधन उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व स्वीकृत ‘टाई-अप’ (सामंजस्य) नियम के तहत राज्य में स्वतः लागू किया जाना चाहिए।
डिप्टी सीएम ने दिए त्वरित निर्देश
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने फार्मासिस्टों की इस मांग पर बेहद सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) अमित घोष को निर्देशित किया कि इस पत्रावली पर तत्काल प्रस्ताव (Proposal) प्रस्तुत किया जाए। साथ ही आश्वासन दिया है कि वह इस मामले में जल्द ही संबंधित विभाग से प्रस्ताव मंगाकर इसे लागू करेंगे। इससे पूर्व एसोसिएशन ने अपनी इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर पदनाम और वेतनमान संशोधन की मांग की थी।

संघ ने जताया उपमुख्यमंत्री का आभार
फाइल आगे बढ़ने और त्वरित कार्रवाई से प्रदेश भर के फार्मासिस्टों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री प्रदुम्न सिंह, प्रदेश प्रवक्ता व जिला अध्यक्ष राजीव कुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रवण चौधरी और जिला मंत्री अजय कश्यप भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
केंद्रीय राजपत्र में निर्धारित नए पदनाम और ग्रेड वेतन:
-
फार्मेसी अधिकारी: यह समूह ‘ख’ का पद है। इसका लेवल- 7 तथा वेतन बैंड 9300-34800 रुपये है। इसके लिए ग्रेड वेतन 4600 रुपये निर्धारित किया गया है।
-
वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी: यह समूह ‘ख’ का पद है। इसका लेवल- 8 तथा वेतन बैंड 9300-34800 रुपये है। इसके लिए 4800 रुपये का ग्रेड वेतन तय किया गया है।
-
सहायक मुख्य फार्मेसी अधिकारी: यह समूह ‘ख’ का पद है। इसे लेवल- 9 में रखा गया है। इसका वेतन बैंड 9300-34800 रुपये और ग्रेड वेतन 5400 रुपये है।
-
मुख्य फार्मेसी अधिकारी: यह समूह ‘क’ का पद है। यह लेवल- 10 के अंतर्गत आता है। इसका वेतन बैंड 15600-39100 रुपये और ग्रेड वेतन 5400 रुपये है।
-
जिला फार्मेसी अधिकारी/उप निदेशक (फार्मेसी): यह समूह ‘क’ (लेवल- 11) का वरिष्ठ पद है। इसका वेतन बैंड 15600-39100 रुपये है। इसके लिए 6600 रुपये का ग्रेड वेतन निर्धारित है।
-
संयुक्त निदेशक (फार्मेसी): यह समूह ‘क’ (लेवल- 12) का पद है। इसका वेतन बैंड 15600-39100 रुपये है। इसके लिए सबसे अधिक 7600 रुपये का ग्रेड वेतन तय है।




