BusinessIndia

रक्षाबंधन पर डिजाइनर कवर व बॉक्स में देश-विदेश में डाक से राखी भेज सकेंगी बहनें,

रक्षाबंधन का त्योहार करीब आते ही भारतीय डाक विभाग (India Post) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाई-बहन के इस पवित्र त्योहार पर राखियों को सुरक्षित और समय से पहुंचाने के लिए विभाग ने एक खास पहल की है।

भारतीय डाक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने डिजाइनर राखी कवर और विशेष राखी गिफ्ट बॉक्स बिक्री के लिए जारी किए हैं। इनका मुख्य उद्देश्य राखी को आकर्षक रूप में और पूरी सुरक्षा के साथ गंतव्य तक पहुंचाना है।

बारिश में खराब नहीं होंगी राखियां

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि ये लिफाफे ‘वाटर रेसिस्टेंट’ (जलरोधी) हैं। बारिश के संपर्क में आने पर भी ये खराब नहीं होंगे। राखी लिफाफे तीन अलग-अलग बेहतरीन डिजाइनों में उपलब्ध कराए गए हैं। 11×22 सेंटीमीटर आकार वाले इन लिफाफों की कीमत मात्र ₹10 रखी गई है (डाक शुल्क अतिरिक्त)।

मिठाई और गिफ्ट के लिए विशेष बॉक्स

राखी के साथ मिठाई और उपहार भेजने के लिए विभाग ने खास राखी गिफ्ट बॉक्स भी तैयार किए हैं। ये बॉक्स काउंटर्स पर 3 अलग-अलग साइज (250 ग्राम, 500 ग्राम और एक किलोग्राम) में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इनकी कीमत क्रमशः ₹35, ₹40 और ₹50 निर्धारित की गई है। इन बॉक्स की मदद से ‘इंडिया पोस्ट पार्सल’ के जरिए देश और विदेश में कहीं भी गिफ्ट भेजे जा सकते हैं।

कहां से खरीदें?

ये खास राखी लिफाफे और गिफ्ट बॉक्स सभी प्रधान डाकघरों (Head Post Office) और उप डाकघरों में उपलब्ध हैं। इसके अलावा, सुदूर गांवों में स्थित शाखा डाकघरों और रेलवे मेल सर्विस (RMS) के काउंटरों से भी इन्हें खरीदा जा सकता है।

अलग डिजाइन से छंटाई में होगी आसानी

इन लिफाफों और बॉक्स पर भारतीय डाक का लोगो लगा है। साथ ही रक्षाबंधन की पारंपरिक भावना को दर्शाते हुए राखी, फूल, पूजा की थाल और भाई-बहन के स्नेहपूर्ण संबंध का खूबसूरत चित्रांकन किया गया है। रंगीन और डिजाइनर होने के कारण इन्हें अन्य डाक से अलग पहचानने और छांटने (Sorting) में काफी समय बचेगा। इससे राखियां त्योहार से पहले आसानी से डिलीवर हो सकेंगी।

राखी पोस्ट की विशेष बुकिंग के लिए विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। नेशनल सॉर्टिंग हब और पार्सल हब में इनकी त्वरित छंटाई की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, ‘इंटरनेशनल ट्रैक पैकेट सेवा’ के माध्यम से बहनें विदेशों में भी बहुत किफायती दामों पर राखी भेज सकती हैं।

Sunil Yadav

संपादक, लेखक और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button