Census 2027: केंद्र सरकार ने जारी की 40 सवालों की List, जनगणना में आपसे पूछे जाएंगे ये सवाल
गृह मंत्रालय (MHA) ने भारत की जनगणना 2027 (Census of India 2027) के लिए अहम नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। केंद्र सरकार ने 40 सवालों की एक पूरी सूची (List) अधिसूचित की है। जनगणना अधिकारी (Census Officers) हर घर में जाकर लोगों से ये सवाल पूछेंगे। यह पूरा डेटा ‘हाउसहोल्ड शेड्यूल’ (Household Schedule) के ज़रिए जुटाया जाएगा। भारत के महापंजीयक (RGI) मृत्युंजय कुमार नारायण ने यह आधिकारिक आदेश जारी किया है।
क्या-क्या पूछे जाएंगे सवाल?
इस बार की जनगणना में कई नए सवाल जोड़े गए हैं। अधिकारियों द्वारा कुल 40 तरह की जानकारी मांगी जाएगी। इसमें व्यक्ति का नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति और जन्मतिथि जैसे सामान्य सवाल होंगे। इसके अलावा, व्यक्ति की शिक्षा, पेशा और मातृभाषा के बारे में भी पूछा जाएगा।
इस जनगणना में कुछ बेहद खास जानकारियां भी जुटाई जाएंगी:
-
जाति (Caste): अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के साथ-साथ अन्य जातियों (Caste) की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
-
कोविड-19 (Covid-19): लोगों से उनके कोविड वैक्सीनेशन की जगह के बारे में पूछा जाएगा।
-
पहचान पत्र (ID Proofs): अगर उपलब्ध हो, तो आधार नंबर (Aadhaar), वोटर आईडी (Voter ID), ड्राइविंग लाइसेंस (Driving License) और पासपोर्ट (Passport) की डिटेल ली जाएगी।
-
बैंक खाते (Bank Accounts): व्यक्ति के पास कुल कितने बैंक खाते हैं, इसकी भी सटीक जानकारी देनी होगी।
-
प्रवासन (Migration): व्यक्ति का जन्म स्थान क्या है, पलायन का कारण क्या है और मौजूदा जगह पर रहने की अवधि कितनी है, ये सवाल भी शामिल हैं।
कब से शुरू होगी प्रक्रिया?
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के बर्फीले इलाकों में यह प्रक्रिया सबसे पहले शुरू होगी। इन क्षेत्रों में 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच डेटा इकट्ठा किया जाएगा। इससे ठीक पहले, 17 से 31 अगस्त 2026 तक लोगों के पास खुद भी अपनी जानकारी भरने का विकल्प (Self-enumeration) होगा। देश के बाकी हिस्सों में जनगणना (Population Enumeration) का यह मुख्य चरण अगले साल (2027) शुरू किया जाएगा।
यह पूरी जनगणना पहली बार पूरी तरह से डिजिटल (Digital) होगी। अधिकारियों को अपने-अपने तय क्षेत्र में रहकर ही यह काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।




