पीजीआई की भर्ती परीक्षा रद्द, अभ्यर्थियों का हंगामा, एसटीएफ करेगी जांच

लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) की हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-2 भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। परीक्षा देने के लिए सुबह से ही केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों को उस समय झटका लगा, जब उन्हें अचानक परीक्षा स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई। बिना किसी पूर्व सूचना के परीक्षा रोके जाने से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर जमकर विरोध- प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बुलानी पड़ी। मामला बढ़ता देख संस्थान प्रशासन ने देर शाम पूरी भर्ती परीक्षा निरस्त कर दी। अब इस पूरे प्रकरण की जांच एसटीएफ करेगी।
दरअसल, रविवार को गोमतीनगर के छोटा भरवारा स्थित एसडीएसएन डिग्री कॉलेज, एसडीएसएन पब्लिक स्कूल और जुरिस कॉलेज ऑफ लॉ में हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-2 के पदों के लिए परीक्षा आयोजित होनी थी। अभ्यर्थी निर्धारित समय पर अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच गए थे। इसी बीच उन्हें बताया गया कि परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अचानक लिए गए इस फैसले से अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई। उनका कहना था कि कई अभ्यर्थी दूसरे जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने आए थे। किसी ने यात्रा पर पैसे खर्च किए तो किसी ने कई घंटे का सफर तय किया, लेकिन केंद्र पर पहुंचने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा।
अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि परीक्षा स्थगित करनी थी तो इसकी सूचना पहले ही दी जानी चाहिए थी। हंगामे की सूचना पर केंद्र संचालकों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस और केंद्र प्रबंधन ने काफी देर तक अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे परीक्षा स्थगित किए जाने की स्पष्ट वजह और आगे की प्रक्रिया जानने की मांग पर अड़े रहे।
तकनीकी दिक्कत बताकर जारी किया नोटिस
एसजीपीजीआई के परीक्षा सेल ने रविवार को नोटिस संख्या 695 जारी कर तीनों केंद्रों पर परीक्षा स्थगित किए जाने की जानकारी दी। संस्थान की ओर से परीक्षा कराने वाली एजेंसी के संचालन में तकनीकी दिक्कत आने को इसकी वजह बताया गया। हालांकि, बाद में संस्थान प्रशासन ने केवल तीन केंद्रों पर परीक्षा स्थगित रखने के बजाय पूरी भर्ती परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया। इस मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी जाएगी।
ऑनलाइन से ऑफलाइन करने पर भी उठे थे सवाल
गौरतलब है कि हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-2 की भर्ती परीक्षा पहले ऑनलाइन कराने की योजना थी, लेकिन बाद में संस्थान ने इसे ऑफलाइन कराने का निर्णय लिया। परीक्षा के तरीके में अचानक किए गए इस बदलाव को लेकर पहले से ही अभ्यर्थियों में असंतोष था। अब परीक्षा के दिन तीन केंद्रों पर अचानक परीक्षा स्थगित होने और फिर पूरी परीक्षा निरस्त किए जाने से भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, परीक्षा रद्द होने के बाद पेपर लीक की आशंकाओं को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, संस्थान की ओर से पेपर लीक को इसकी आधिकारिक वजह नहीं बताया गया है। एसटीएफ जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




