UP

डॉ. श्वेता बनीं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की प्रदेश सदस्य

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव को पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।

डॉ. श्वेता श्रीवास्तव वर्तमान में आईएमए लखनऊ शाखा की मानद सचिव हैं। वर्ष 2025 में हुए चुनाव में उन्होंने भारी मतों से जीत दर्ज की थी। करीब 25 वर्षों के अंतराल के बाद इस पद पर किसी महिला का निर्वाचित होना भी खास रहा। आईएमए सचिव के रूप में उनका कार्यकाल दो वर्ष का है।

आईएमए में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए डॉ. श्वेता ने चिकित्सकों के हितों, संगठन की सक्रियता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर काम किया है। चिकित्सकों के बीच संवाद और सहभागिता बढ़ाने के साथ ही उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने की दिशा में भी उनकी भूमिका रही है।

नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करेंगी। संगठन की ओर से सौंपे जाने वाले प्रत्येक दायित्व का जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगी। चिकित्सकों के हितों की रक्षा, महिला सशक्तिकरण और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी।

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल होने के बाद अब प्रदेश स्तर पर चिकित्सकों से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को उठाने और उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने की जिम्मेदारी भी होगी।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button