Health

KGMU में एआई से लैस पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित, अब एक मिनट में मिलेगी टीबी की जानकारी

टीबी (क्षय रोग) की जांच को तेज और आसान बनाने की दिशा में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन लगाई गई है। यह मशीन उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल की ओर से स्थापित की गई है।

इस पोर्टेबल मशीन से मरीज को एक्स-रे केंद्र तक ले जाए बिना, इलाज की जगह पर ही एक्स-रे किया जा सकता है। इसमें जुड़ी एआई तकनीक छाती के एक्स-रे की जांच कर फेफड़ों की टीबी से जुड़े संभावित असामान्य लक्षण पहचानने में मदद करती है, जिससे बीमारी का शुरुआती स्तर पर पता लगाना और समय पर इलाज शुरू करना आसान होगा।

एक मिनट में मिलेगी एक्स-रे की तस्वीर: डॉ. सूर्यकान्त

रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि विभाग में पहले से आधुनिक डिजिटल एक्स-रे सुविधाएं हैं, लेकिन नई एआई युक्त पोर्टेबल मशीन से जांच की रफ्तार बढ़ेगी और मरीजों को ज्यादा सुविधा मिलेगी। इस मशीन से करीब एक मिनट में एक्स-रे की तस्वीर मिल जाती है, जिसे भविष्य के इस्तेमाल के लिए मरीज या परिजनों को सीधे व्हाट्सएप पर भी भेजा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विभाग में बड़ी संख्या में मरीज आते हैं, ऐसे में यह तकनीक जांच व्यवस्था बेहतर करने और भीड़ कम करने में मदद करेगी। मशीन को आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है, इसलिए गंभीर रूप से बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों का एक्स-रे उनके बिस्तर पर ही हो सकेगा। इस मौके पर विभाग के एक्स-रे तकनीशियनों को मशीन चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

टीबी जांच शिविरों में भी होगा इस्तेमाल

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की नेशनल टास्क फोर्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीबी जांच शिविरों में भी इस मशीन का उपयोग होगा। इससे समुदाय के बीच जाकर टीबी मरीजों की सक्रिय पहचान और बीमारी का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस पहल के लिए उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल का आभार जताया।

विभाग लखनऊ और आसपास के ग्रामीण, पिछड़े और मलिन बस्तियों वाले इलाकों में लगातार निःशुल्क जांच शिविर लगाता है। शिविर स्थल पर ही छाती का एक्स-रे होने से ज्यादा लोगों की जांच हो सकेगी, खासकर दूर-दराज और सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं वाले क्षेत्रों में।

टीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम: कुलपति

केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने विभाग को बधाई देते हुए कहा कि एआई युक्त हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन टीबी की जल्द पहचान और प्रभावी जांच की दिशा में बड़ा कदम है। इससे मरीजों को कम समय में जांच की सुविधा मिलेगी और यह पहल टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को पाने में अहम भूमिका निभाएगी।

पीटीएलडी मरीजों के फॉलोअप में भी मदद

विभाग में आधुनिक पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन सेंटर (पीआरसी) भी चलता है, जहां सांस की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को निःशुल्क पुनर्वास सेवाएं दी जाती हैं। इनमें टीबी के बाद होने वाली फेफड़ों की बीमारी (पोस्ट ट्यूबरकुलोसिस लंग डिजीज- पीटीएलडी) के मरीज भी शामिल हैं। नई मशीन से इन मरीजों की जांच, बीमारी के आकलन और नियमित फॉलोअप में भी मदद मिलेगी।

मशीन की स्थापना के मौके पर राज्य टीबी अधिकारी डॉ. राजेश झा, उप राज्य टीबी अधिकारी डॉ. ऋषि सक्सेना, नोडल अधिकारी डॉ. दर्शन के. बजाज, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ज्योति बाजपेयी और डॉ. अंकित कटियार के साथ विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर और डॉट्स सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button