UP

‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन, सीएम योगी बोले- स्कूल बनवाने पर मुझ पर दर्ज हुआ था मुकदमा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करण पूरे होने पर तैयार की गई कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। सूचना विभाग की ओर से तैयार इस पुस्तक में ‘योगी की पाती’ के सभी 50 संस्करणों का संकलन है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने पुराने संघर्ष याद करते हुए कहा कि गोरखपुर के वनटांगिया गांव में बच्चों को पढ़ाने के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्कूल बनवाने पर तत्कालीन सरकार में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल एक पत्र या सरकारी सूचना का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने वाला आत्मीय संवाद है। इसके जरिए युवाओं, छात्रों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित समाज के उन पहलुओं को सामने लाने की कोशिश की गई है, जिनकी जानकारी अक्सर आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती।

स्कूल बनवाया तो दर्ज हुआ मुकदमा

मुख्यमंत्री ने बताया कि 120 वर्षों तक ब्रिटिश हुकूमत और आजादी के बाद 70 साल तक सरकारों ने वनटांगिया समुदाय की उपेक्षा की। गोरखपुर के वनटांगिया गांवों में बच्चों के पढ़ने की कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की तरफ से वन विभाग के एक शेड की रंगाई-पुताई करवाकर वहां बच्चों के लिए स्कूल शुरू करवाया, लेकिन तत्कालीन सरकार और वन विभाग ने इसके एवज में उन पर मुकदमा दर्ज कर दिया।

उन्होंने कहा कि वनटांगिया परिवारों की समस्याओं को लेकर लंबा संघर्ष चला। वर्ष 2007-08 में केंद्र सरकार से वन अधिकार कानून में संशोधन कराया गया, लेकिन प्रदेश में 2017 तक इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हुआ। 2017 में सरकार बनने के बाद इन 54 बस्तियों के हजारों परिवारों को राजस्व ग्राम का दर्जा देकर सभी बुनियादी सुविधाएं दी गईं। इसी तर्ज पर मुसहर, थारू, चेरो, गौड़ और कोल जैसी अति पिछड़ी जातियों को भी मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान और शासन की सभी योजनाओं से संतृप्त किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विमोचन की तस्वीरें अपने X हैंडल पर साझा कीं।

इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतें पूरी तरह खत्म

पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जुलाई से नवंबर तक इंसेफेलाइटिस से हजारों बच्चे पीड़ित होते थे और सैकड़ों की मौत हो जाती थी। तब अस्पतालों में न बिजली थी, न पंखे और न ही बच्चों के लिए जीवन रक्षक उपकरण। उन्होंने कहा कि आज सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस पूरी तरह समाप्त हो गई है और बच्चों को बेहतर ‘क्वालिटी ऑफ लाइफ’ मिली है।

1.60 करोड़ बच्चों को डीबीटी से यूनिफॉर्म का पैसा

शिक्षा में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल बंदी की कगार पर थे। स्कूल जर्जर थे, शिक्षक नहीं थे और 60 से 70 फीसदी बच्चे, खासकर बेटियां, नंगे पैर स्कूल जाने को मजबूर थीं। आज ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत जनसहभागिता से 96 प्रतिशत स्कूलों को बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त किया जा चुका है।

प्रदेश के 1 करोड़ 60 लाख बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, किताबें और जूते-मोजे का पैसा डीबीटी के जरिए सीधे अभिभावकों के बैंक खाते में भेजा जा रहा है। श्रमिकों के बच्चों के लिए ग्लोबल स्टैंडर्ड के अटल आवासीय विद्यालय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सीएम कंपोजिट विद्यालय चलाए जा रहे हैं।

योजनाओं की जानकारी बार-बार देना जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार योजनाएं मौजूद होती हैं, लेकिन जानकारी न होने से पात्र लोग उनका लाभ नहीं ले पाते। अगर किसी को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड या निराश्रित महिला पेंशन की जानकारी नहीं है, तो उसे बार-बार बताना होगा, ताकि वह योजना का फायदा उठा सके। उन्होंने कहा कि ‘योगी की पाती’ के जरिए युवाओं, छात्रों, नारी सम्मान, अन्नदाता किसानों, श्रमिकों और समाज के हर तबके के साथ विरासत और विकास से जुड़े प्रयासों को भी सामने लाया गया है।

संवाद यात्रा प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। इस दौरान ‘योगी की पाती’ पर बनी एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इससे पहले अपर मुख्य सचिव (सूचना) ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

विमोचन कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया समूहों के संपादक और प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी संपादकों और पत्रकारों का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह आत्मीय संवाद आम लोगों तक पहुंच सका।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button