केजीएमयू में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस: वॉकथॉन और नुक्कड़ नाटक से HPV टीका व जांच का संदेश

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के स्त्री रोग कैंसर विभाग ने 16 और 17 नवंबर को विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस पर दो दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया। विभाग की अध्यक्ष प्रो. निशा सिंह के नेतृत्व में एचपीवी टीकाकरण, नियमित जांच और समय पर इलाज का संदेश दिया गया।
16 नवंबर की शाम प्रशासनिक भवन को टील रंग की रोशनी से सजाया गया। यह रंग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वाइकल कैंसर जागरूकता का प्रतीक है। 17 नवंबर को पैरामेडिकल छात्रों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लक्षण और बचाव बताए। डॉक्टरों, फैकल्टी, रेजिडेंट और कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन से गेट नंबर-1 तक वॉकथॉन निकाली। नारा रहा- ‘टुगेदर वी कैन एलिमिनेट सर्वाइकल कैंसर’।
डब्ल्यूएचओ की 90-70-90 रणनीति
विश्व स्वास्थ्य संगठन की रणनीति के अनुसार 2030 तक 15 वर्ष की आयु से पहले 90 प्रतिशत लड़कियों को एचपीवी टीके की पूरी खुराक, 35 वर्ष तक 70 प्रतिशत महिलाओं की उच्च गुणवत्ता वाली स्क्रीनिंग तथा 45 वर्ष पर दोबारा जांच, और सर्वाइकल कैंसर या पूर्व कैंसर स्थिति पाई गई 90 प्रतिशत महिलाओं को उचित इलाज व देखभाल का लक्ष्य है। विभाग का कहना है कि टीका, प्रभावी स्क्रीनिंग और समय पर इलाज से यह बीमारी काफी हद तक रोकी जा सकती है।
कार्यक्रम को कुलपति, डीन पैरामेडिकल साइंसेज डॉ. के.के. सिंह और प्रॉक्टर डॉ. आरएएस कुशवाहा का सहयोग मिला।
यह भी पढ़ें
विभाग ने याद दिलाया कि किसी महिला की मौत ऐसी बीमारी से नहीं होनी चाहिए, जिससे बचाव संभव है। जागरूकता अभियान का उद्देश्य इसी संदेश को परिसर और समाज तक पहुंचाना था।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




