IFFI 2026: गोवा में 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आगाज, 86 देशों की 150 से ज्यादा फिल्में; सई पल्लवी, कार्तिक आर्यन और श्रद्धा कपूर पहुंचे

गोवा में 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) का शुक्रवार शाम रंगारंग आगाज हुआ। पणजी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने नौ दिन के इस महोत्सव का उद्घाटन किया। 20 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस फिल्म उत्सव की थीम इस बार ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ यानी ‘सरहदों से परे कहानियां’ रखी गई है।
मुख्यमंत्री सावंत के साथ अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन, राज्यसभा सांसद सदानंद शेट तनावड़े, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार और महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने दीप जलाकर समारोह की शुरुआत की। समारोह में अभिनेता कार्तिक आर्यन, सई पल्लवी और श्रद्धा कपूर के अलावा फिल्मकार मधुर भंडारकर और आनंद एल राय भी मौजूद रहे।
It's a wrap on an unforgettable Opening Day of the 57th International Film Festival of India (IFFI) in Goa.
Under the theme ‘Stories Without Borders’, the festival kicked off with a grand inaugural ceremony at Dr. Shyama Prasad Mukherjee Stadium, with the captivating ‘Beyond the… pic.twitter.com/nTdcHDbJp6
— International Film Festival of India (@IFFIGoa) November 21, 2026
86 देशों की 150 से ज्यादा फिल्में
इस बार महोत्सव में 86 देशों की 150 से ज्यादा फिल्में दिखाई जाएंगी, जिन्हें 137 देशों से आई 1,900 से अधिक एंट्री में से चुना गया है। इनमें 9 वर्ल्ड प्रीमियर, 2 इंटरनेशनल प्रीमियर, 24 एशियन प्रीमियर और 116 इंडियन प्रीमियर शामिल हैं। भारतीय पैनोरमा खंड में 18 भाषाओं की 76 फिल्में रखी गई हैं। स्पेन इस बार ‘कंट्री ऑफ ऑनर’ है, जबकि रूस पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल हुआ है। एनिमेशन और ‘फिल्म्स अबाउट फिल्म्स’ नाम से दो नए खंड भी जोड़े गए हैं।
महोत्सव की शुरुआत पोलैंड के फिल्मकार पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म ‘फादरलैंड’ से हुई। अलीना शेरबान की ‘आई मैटर’ मिड-फेस्टिवल फिल्म होगी, जबकि 28 नवंबर को सिंगापुर के फिल्मकार एंथनी चेन की ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ के साथ समापन होगा।
सावंत बोले- गोवा को फिल्म निर्माण का केंद्र बनाएंगे
मुख्यमंत्री सावंत ने महोत्सव की थीम को भारत के ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के विचार से जोड़ा। उन्होंने कहा, “सिनेमा हमें अलग-अलग संस्कृतियों को महसूस करने और वह साझा जमीन खोजने का मौका देता है, जो हमें जोड़ती है।” उन्होंने ब्रिक्स सिनेमा खंड में ‘रामायण’ के शामिल होने को भारत के लिए गर्व का पल बताया। सावंत ने कहा कि सरकार चाहती है कि गोवा ऐसी जगह बने जहां फिल्में बनें भी और पूरी भी हों। इसके लिए उन्होंने प्री-प्रोडक्शन, पोस्ट-प्रोडक्शन, वीएफएक्स और फिल्म शिक्षा की सुविधाओं वाली फिल्म सिटी का विजन भी रखा।
रवि किशन ने हिंदी, भोजपुरी, तेलुगु, कन्नड़, तमिल, गुजराती और मराठी समेत कई भाषाओं में 34 साल में करीब 700 फिल्मों के अपने सफर का जिक्र किया। उन्होंने स्पाइडर-मैन के भोजपुरी डब का किस्सा सुनाते हुए कहा, “दुनिया के एक कोने में जन्मी कहानी हजारों मील दूर भी अपना घर ढूंढ लेती है, यही सिनेमा का जादू है।” वहीं ‘लगान’ के निर्देशक और महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर ने कहा, “कहानी उन गिनी-चुनी चीजों में से है, जो बिना पासपोर्ट के सरहद पार कर सकती है।”
रिकी केज के संगीत ने बांधा समां
समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण तीन बार के ग्रैमी विजेता संगीतकार रिकी केज की प्रस्तुति ‘ए वर्ल्ड ऑफ सिनेमा थ्रू म्यूजिक’ रही। उन्होंने ‘द गॉडफादर’, ‘पैरासाइट’, ‘राशोमोन’, ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’, ‘पाथेर पांचाली’, ‘लगान’ और ‘मिशन: इम्पॉसिबल 2’ जैसी फिल्मों की मशहूर धुनों को ऑर्केस्ट्रा के साथ पेश किया। इसके बाद इटली, मंगोलिया, अमेरिका, भारत और यूएई के संगीतकारों ने ‘म्यूजिक विदाउट बॉर्डर्स’ प्रस्तुत किया, जबकि ‘बियॉन्ड द फ्रेम’ नृत्य प्रस्तुति में महोत्सव के प्रतीक मोर को मंच पर जीवंत किया गया।
आनंद एल राय की अध्यक्षता वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की जूरी को मंच पर सम्मानित किया गया। भारतीय पैनोरमा के फीचर फिल्म खंड के अध्यक्ष मधुर भंडारकर और नॉन-फीचर फिल्म खंड के अध्यक्ष हिमांशु शेखर खटुआ का भी सम्मान हुआ। PTI ने एक्स पर समारोह में पहुंचीं सई पल्लवी का वीडियो साझा किया:
VIDEO | Panaji, Goa: 'Ramayana' actress Sai Pallavi attends the inauguration ceremony of the 57th edition of IFFI.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) pic.twitter.com/UEeYB1cIGc
— Press Trust of India (@PTI_News) November 20, 2026
वेव्स फिल्म बाजार का 20वां संस्करण भी शुरू
महोत्सव के साथ ही राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) के वेव्स फिल्म बाजार का 20वां संस्करण भी 20 नवंबर को शुरू हुआ। 2007 में 18 देशों के 204 प्रतिनिधियों से शुरू हुआ यह बाजार अब 40 से ज्यादा देशों के 2,500 से अधिक फिल्म पेशेवरों का मंच बन चुका है, जहां फिल्मों के कारोबार, सह-निर्माण और फाइनेंसिंग पर बात होती है।
इस बार महोत्सव में नई पीढ़ी पर खास जोर है। कार्यक्रम में 52 महिला फिल्मकारों और 62 पहली बार निर्देशन करने वालों की फिल्में शामिल हैं। ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ के छठे संस्करण में 13 विधाओं के 100 युवा फिल्मकारों को मार्गदर्शन मिलेगा, जबकि 14 मास्टरक्लास और पैनल चर्चाएं भी होंगी।
प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने महोत्सव में ‘पेज से पिच तक’ पहल के बारे में बताया, जो छोटे शहरों के उभरते फिल्मकारों को अपनी कहानी पेश करने का मंच देती है। अगले आठ दिनों तक पणजी में फिल्म प्रदर्शन, मास्टरक्लास और उद्योग से जुड़ी बैठकों का दौर चलेगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




