आज शाम 6 बजे यूपी में ब्लैकआउट

लखनऊ। प्रदेश के सभी 75 जिलों में रविवार शाम 6 बजे एक साथ ब्लैकआउट (Blackout) होगा। युद्ध, हवाई हमले और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित इस मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजाया जाएगा और बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित मॉक ड्रिल का जायजा लेने पहुंचेंगे। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी का सायरन करीब दो मिनट तक बजेगा। सायरन बजने के साथ ही संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय होकर आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास करेंगी। पुलिस, दमकल, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा और राहत एवं बचाव दल संयुक्त रूप से अपनी तैयारियों को परखेंगे।
अभ्यास के दौरान आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, बचाव कार्य, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और राहत व्यवस्था संचालित करने जैसी गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। ब्लैकआउट के जरिए यह भी परखा जाएगा कि आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और संबंधित विभाग किस तरह समन्वय के साथ काम करते हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि सायरन बजने और बिजली आपूर्ति बंद होने पर घबराएं नहीं। यह वास्तविक आपात स्थिति नहीं, बल्कि सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए आयोजित अभ्यास है। मॉक ड्रिल पूरी होने के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा, जिसके बाद सामान्य गतिविधियां फिर शुरू होंगी।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



