World

पाकिस्तान में तीन धमाकों से दहशत, लाहौर एयरपोर्ट बंद, भारत ने बढ़ाई सुरक्षा

Reuters/ New Delhi: भारत द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई जवाबी कार्रवाई के बाद अब पड़ोसी देश में तनाव और दहशत का माहौल गहराता जा रहा है। पाकिस्तान के लाहौर शहर  में सोमवार को एक के बाद एक तीन जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने जियो न्यूज और चश्मदीदों के हवाले से बताया कि ये धमाके पंजाब प्रांत के लाहौर शहर में हुए। घटनास्थल के आसपास धुएं के गुब्बार देखे गए और सायरनों की आवाजों से माहौल और भयावह हो गया।

वाल्टन एयरपोर्ट के पास ड्रोन और धमाके

रिपोर्ट्स के अनुसार, लाहौर के गोपाल नगर और नसीराबाद इलाके में वाल्टन रोड पर स्थित वाल्टन एयरपोर्ट के पास कई धमाकों की आवाज आई। लोगों ने बताया कि वे घबराकर घरों से बाहर निकल आए और उन्हें आसमान में धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ गवाहों ने यह भी कहा कि घटनास्थल के पास एक संदिग्ध ड्रोन देखा गया। वहीं, लाहौर के असकरी-5 इलाके और नौसेना कॉलेज के पास भी दो जबरदस्त धमाके सुने गए। इन घटनाओं के बाद पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं।

ऑपरेशन ‘सिंदूर’ से पाकिस्तान में खलबली

इन धमाकों से एक दिन पहले ही भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के पंजाब प्रांत और कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल हमला किया था। भारतीय वायुसेना और थलसेना ने इस संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों के नौ ठिकानों को मिसाइलों से निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया था। बताया गया कि ये हमले नियंत्रण रेखा के पार करीब 100 किलोमीटर अंदर किए गए।

भारत में भी सुरक्षा बढ़ाई गई

ऑपरेशन के बाद दोनों देशों में तनाव का स्तर काफी बढ़ गया है। भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने इन्फ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग सिस्टम और अन्य संवेदनशील संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा है। कई स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है और कुछ उड़ानों पर भी रोक लगा दी गई है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button