Sports

यूट्यूब वीडियो से सीखी तैराकी, अब एशियन यूथ गेम्स में भारत का परचम लहराएंगी झांसी की बेटी जिया यादव 

किसान की बेटी जिया यादव एशियन यूथ गेम्स में प्रदर्शन कर बढ़ाएगी भारत का मान

LUCKNOW: झांसी की उभरती तैराक जिया यादव को तीसरे एशियन यूथ गेम्स 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ है। यह प्रतिष्ठित आयोजन 23 से 27 अक्टूबर 2025 तक बहरीन में होगा। उत्तर प्रदेश तैराकी संघ (UPSA) ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए जिया को बधाई दी है।

यूट्यूयूब से सीखी बारीकियां

महज एक स्कूल के 15 मीटर के पूल में बिना कोच के तैराकी शुरू करने वाली जिया ने यूट्यूब (Youtube) वीडियो से तैराकी की बारीकियां सीखीं। उनकी मेहनत और जुनून ने उन्हें उत्तर प्रदेश सब-जूनियर चैंपियनशिप तक पहुंचाया, जहां उन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया।

हर साल उनकी तकनीक और टाइमिंग में सुधार हुआ, जिसके दम पर उन्होंने गोल्ड मेडल जीते और उत्तर प्रदेश की सब-जूनियर नेशनल टीम (Sub Junior National team) में जगह बनाई। जिया की पसंदीदा बैक स्ट्रोक शैली उनकी ताकत है।

किसान की बेटी जिया यादव

जिया के पिता एक साधारण किसान हैं, लेकिन उनकी बेटी के सपनों को पंख देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। UPSA के सचिव की सलाह पर जिया को नई दिल्ली की SFI ग्लेनमार्क अकादमी में दाखिला मिला, जहां राष्ट्रीय कोच पार्थ मजूमदार के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने कौशल को निखारा। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिया ने कई मेडल जीते और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।

अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने को तैयार जिया की कहानी प्रेरणा का प्रतीक है। UPSA ने विश्वास जताया है कि जिया एशियन यूथ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगी।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button