Sports

टीपीएल : रोमांचक मुकाबलों में दूसरी हार के साथ लखनऊ का सफर खत्म

ताइक्वांडो प्रीमियर लीग सीजन वन दूसरा चरण

हैदराबाद। ताइक्वांडो प्रीमियर लीग सीजन वन के दूसरे चरण की विजेता ट्रॉफी पंजाब रॉयल्स ने कड़ी टक्कर के बाद गुजरात थंडर्स को हराते हुए  जीत ली। दूसरी ओर यूपी की टीम लखनऊ नवाब का सफर  रोमांचक मुकाबलों में लगातार दूसरी हार के साथ खत्म हो गया

हैदराबाद के सरुर नगर इंडोर स्टेडियम में सोमवार रात आयोजित इस लीग के मुकाबलों में लखनऊ नवाब ने दिल्ली वारियर्स के सामने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन अंत में 2-1 से हार गई। इस मैच में लखनऊ नवाब की चुनौती कुणाल भाटी, नीरज मेहरा व भावना गौतम पेश कर रहे थे। ताइक्वांडो के इस फास्ट एडीशन में डेढ़-डेढ़ मिनट के तीन राउंड के मुकाबलों में पहला राउंड दिल्ली वारियर्स ने जीता। दूसरे राउंड में लखनऊ के कुणाल भाटी, नीरज मेहरा व भावना गौतम ने विरोधी टीम के खिलाड़ियों को अपनी चपलता व तकनीक से खासा परेशान किया और जीत दर्ज की।

इसके बाद निर्णायक तीसरे राउंड में लखनऊ नवाब के खिलाड़ियों ने दिल्ली वारियर्स के अनु्भवी खिलाड़ियों को शानदार तकनीक से खासा परेशान किया लेकिन अंत में दिल्ली को जीत मिली।  इससे पूर्व लखनऊ नवाब को पहले मैच में बेंगलुरु निन्जा ने 2-1 से हराया था। इस मुकाबले में लखनऊ से कुणाल भाटी, नीरज मेहरा, भारती राठौर ने चुनौती पेश की थी।

दूसरी ओर  फाइनल में पंजाब रायल्स ने गुजरात थंडर्स को 3-0 से हराया। गुजरात के खिलाड़ियों ने अपनी तेज व घुमावदार किकों से विरोधी टीम  को खूब छकाया लेकिन अंत में जीत पंजाब के हाथ लगी।

लखनऊ नवाब के सीईओ डा.आनंद किशोर पाण्डेय ने कहा कि इस बार बदले भार वर्ग में हमारे खिलाड़ियों ने खासा दम दिखाया लेकिन ये ताइक्वांडो का फटाफट एडीशन है। हम अब अगले सीजन में नये जोश और बेहतर तैयारियों के साथ आएंगे।  उन्होंने विजेता पंजाब रॉयल्स को खिताबी जीत पर हार्दिक बधाई देते हुए  टीम के खिलाड़ियों के  उज्जवल भविष्य के लिए कामना की।

इस अवसर पर ताइक्वांडो प्रीमियर लीग के संस्थापक निदेशक दुव्वुरी गणेश ने लखनऊ नवाब के सीईओ डा.आनंद किशोर पाण्डेय की इसलिए सराहना की कि उनकी वजह से लखनऊ के तीन सहित यूपी के चार प्रतिभाशाली प्रशिक्षकों- हरिओम शर्मा ने विजेता पंजाब रॉयल्स, लखनऊ के मोहम्मद नदीम ने दिल्ली वारियर्स, शम्मे रिजवी ने बेंगलुरु निन्जा और अलीगढ़ के राजीव चौहान ने लखनऊ नवाब टीम के मेंटर की भूमिका का सफल निर्वहन किया।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button