UP

हर मरीज को गुणवत्तापूर्ण, निःशुल्क चिकित्सा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

देवीपाटन मंडल बनेगा चिकित्सा सेवाओं का राज्य स्तरीय आदर्श: उपमुख्यमंत्री, दवा, डॉक्टर और इलाज – हर जरूरतमंद के लिए सुलभ, सुरक्षित और सशक्त सेवाएं

LUCKNOW: उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को देवीपाटन मंडल के चिकित्सा शिक्षा संस्थानों, अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की गहन समीक्षा की। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रगति को सुनिश्चित करने के लिए आयोजित इस समीक्षा में उन्होंने सरकार की प्राथमिकता को स्पष्ट करते हुए कहा, “हर नागरिक को सुलभ, समुचित और निःशुल्क चिकित्सा उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है, और इसके लिए सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।”

उपमुख्यमंत्री ने जनपद गोंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनकापुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधा संवाद किया और स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता, चिकित्सकों की उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने मंडलीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के स्वास्थ्य अधिकारी, क्षेत्रीय विधायक रमापति शास्त्री, जिलाधिकारी गोंडा नेहा शर्मा, सीएमओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निःशुल्क सेवाएं और पारदर्शिता पर जोर

श्री पाठक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी सरकारी अस्पताल में दवाओं की कमी न हो और सभी मरीजों को निःशुल्क उपचार व दवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने अस्पतालों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर बल दिया।

स्वच्छता और अनुशासन को प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश देते हुए उपमुख्यमंत्री ने अस्पतालों में स्वच्छता मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने दिनवार चादरों के रंग निर्धारित करने और उनके कठोर अनुपालन के साथ-साथ मरीजों के लिए स्वच्छ और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

आपात चिकित्सा सेवाओं में सुधार

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि कुत्ते, बंदर और सांप के काटने जैसे आपात मामलों के लिए एंटी-रेबीज और विषनाशक इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में उपचार में कोई देरी न हो और पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की जाए।

चिकित्सकों की नियुक्ति और स्वास्थ्य ढांचे का सुदृढ़ीकरण

श्री पाठक ने जानकारी दी कि सामान्य चिकित्सकों के रिक्त पदों को मंडलीय स्तर पर जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों के माध्यम से भरा गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों के लिए शासन को सिफारिशें भेजी गई हैं, जिनमें से कई नियुक्तियां हो चुकी हैं। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण है।

देवीपाटन मंडल: चिकित्सा सेवाओं का आदर्श मॉडल

उपमुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल को उत्तर प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं का आदर्श बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा, “देवीपाटन मंडल शासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम यहां की स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button