किताबों से निकलकर वाटर पार्क तक: DPS सीतापुर ने यूं मनाया मातृ दिवस

मां और बच्चों ने साथ बिताए खुशियों के पल, Nilansh Water Park में खूब हुई मस्ती
सीतापुर। मातृ दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर द्वारा विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं के लिए Nilansh Water Park में एक विशेष मनोरंजक एवं पारिवारिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रेम, अपनत्व और पारिवारिक मूल्यों को समर्पित रहा, जिसमें बच्चों और उनकी माताओं ने एक साथ यादगार पल बिताए।

विद्यालय परिसर से प्रातः निर्धारित समय पर छात्र-छात्राएँ अपनी माताओं के साथ उत्साहपूर्वक रवाना हुए। वॉटर पार्क पहुँचने पर सभी प्रतिभागियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सबसे पहले विद्यार्थियों को स्वादिष्ट नाश्ता परोसा गया, जिसका सभी ने मिलकर आनंद लिया। इसके बाद बच्चों ने अपने स्विमिंग कॉस्ट्यूम पहनकर पूल एरिया में प्रवेश किया और विभिन्न वाटर राइड्स एवं जल गतिविधियों में जमकर मस्ती की।
इस दौरान माताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। बच्चों और उनकी माताओं को साथ खेलते, हंसते और आनंद लेते देख पूरा वातावरण भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बन गया। विद्यार्थियों ने पार्क के भीतर ट्रेन राइड का भी आनंद लिया तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेकर दिन को यादगार बना दिया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्रो वाइस चेयरपर्सन तनुश्री मेहरोत्रा ने कहा कि माताएँ बच्चों के जीवन की प्रथम गुरु होती हैं और उनके सम्मान में आयोजित ऐसे कार्यक्रम परिवार एवं विद्यालय के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, अनुशासन एवं विद्यार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।
यात्रा के अंत में सभी प्रतिभागियों ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए इसे एक सुखद, प्रेरणादायक और अविस्मरणीय अनुभव बताया। मातृ दिवस पर आयोजित यह विशेष भ्रमण बच्चों और उनकी माताओं के चेहरों पर मुस्कान छोड़ गया।
|




