तपती धूप में भक्तों के लिए बिछी राहत की राह, मां विंध्यवासिनी में बिछी 16 बंडल मैट

मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक सराहनीय पहल सामने आई है। मां के परम भक्त निखिलेश मिश्र ने भीषण गर्मी में भक्तों के पैर जलने से बचाने हेतु मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर 16 बंडल मैट बिछवाकर सेवा भाव की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार पुरानी वीआईपी मार्ग, नई वीआईपी मार्ग, सदर बाजार मार्ग और पक्का घाट मार्ग पर दोपहर की तेज धूप और तपती जमीन से श्रद्धालुओं को राहत दिलाने के लिए यह व्यवस्था कराई गई। इससे दर्शनार्थियों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी सहूलियत मिली।बताया गया कि इस पुनीत कार्य की प्रेरणा उन्हें उनके गुरु पंकज द्विवेदी, अध्यक्ष श्री विंध्य पंडा समाज से मिली। इससे पहले भी निखिलेश मिश्र लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को अनाज वितरण, सर्दियों में कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था जैसे कई सामाजिक कार्य कर चुके हैं।
जब निखिलेश मिश्र से इस सेवा भावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह सब मां विंध्यवासिनी की कृपा और गुरुजनों के आशीर्वाद से संभव हो पाता है।
स्थानीय श्रद्धालुओं और दुकानदारों ने इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि ऐसे सेवाभावी लोग ही धाम की गरिमा बढ़ाते हैं और दूसरों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




