बागपत: 102 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, HCV पॉजिटिव महिला का रास्ते में सुरक्षित प्रसव

बागपत: उत्तर प्रदेश में 102 एंबुलेंस सेवा एक बार फिर जीवनरक्षक साबित हुई है। बागपत में एक एचसीवी (HCV) पॉजिटिव गर्भवती महिला का एंबुलेंस के भीतर सुरक्षित प्रसव कराया गया। तड़के सुबह लगभग 4 बजे एंबुलेंस में नवजात शिशु की किलकारी गूंज उठी। प्रदेश सरकार की ओर से संचालित की जा रही 102 एंबुलेंस सेवा की समय पर मदद मिलने से जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
सीएचसी ने कर दिया था रेफर
खेकड़ा निवासी 22 वर्षीय सहाना (पत्नी आसिफ) को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने उन्हें तुरंत सीएचसी खेकड़ा (CHC Khekra) में भर्ती कराया। महिला हेपेटाइटिस सी वायरल (एचसीवी) पॉजिटिव थी। संक्रमण और जटिलता को देखते हुए सीएचसी स्टाफ ने प्रसव कराने खतरा बताकर बेहतर इलाज के लिए महिला को बागपत जिला अस्पताल (District Hospital) रेफर कर दिया गया।
रास्ते में बढ़ा दर्द, एंबुलेंस बनी डिलीवरी रूम
रेफर होने के बाद परिजनों ने 102 एंबुलेंस सेवा की सहायता ली। सूचना मिलते ही ईएमटी (EMT) भूपेंद्र और पायलट राहुल कुमार मौके पर पहुंचे। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला का दर्द अचानक बहुत बढ़ गया। स्थिति को आपातकालीन मानते हुए पायलट राहुल कुमार ने एंबुलेंस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।
डॉक्टर की सलाह और ईएमटी की सूझबूझ से जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
ईएमटी भूपेंद्र ने बिना समय गंवाए महिला के वाइटल्स (Vitals) चेक किए। महिला की हालत गंभीर थी। भूपेंद्र ने तुरंत लखनऊ में 102 एंबुलेंस सेवा के कॉल सेंटर में मौजूद डॉ. अविश द्विवेदी से संपर्क किया। डॉक्टर की सलाह और एंबुलेंस में मौजूद डिलीवरी किट की मदद से ईएमटी भूपेन्द्र ने पूरी प्रसव प्रक्रिया को संभाला।
यह भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर में 108 एम्बुलेंस टीम बनी मसीहा: सड़क हादसे में लहूलुहान जय प्रकाश को दी नई जिंदगी
चंद मिनटों में महिला ने एक स्वस्थ नवजात को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों को आगे की चिकित्सा और देखभाल के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। फिलहाल दोनों की स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। परिजनों ने जान बचाने के लिए 102 एंबुलेंस सेवा, ईएमटी भूपेंद्र और पायलट राहुल कुमार की तत्परता व समझदारी की जमकर सराहना की है। साथ ही आपातकालीन समय में 102 एंबुलेंस सेवा की उपलब्ध और संचालन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया है।





