भारत की बेटियों का सिंदूर छीनने की कोशिश करने वालों को खोना पड़ा खानदान : योगी

लखनऊ, 07 मई : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) आतंकियों को करारा जवाब है। जो भारत की बहन-बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने की कोशिश करेंगे, उन्हें अपना सब कुछ गंवाना पड़ेगा। लखनऊ के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित मॉक ड्रिल कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि देश की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पहलगाम हमले के जवाब में सेना की कार्रवाई को निर्णायक करार देते हुए कहा, “भारत माता के खिलाफ साजिश रचने वालों को परिणाम भुगतना ही होगा।” उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की सेना की बहन-बेटियों के प्रति संवेदना का प्रतीक है, जिसमें पूरे देश की भावना जुड़ी है।
आपातकाल में निभाएं नागरिक अपना कर्तव्य : सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने नागरिक सुरक्षा की तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि सिर्फ एनसीसी, होमगार्ड या स्काउट ही नहीं, बल्कि हर नागरिक को सुरक्षा एजेंसियों के साथ जुड़ना होगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों को समझें और देश की सुरक्षा में भागीदार बनें।

मॉक ड्रिल : संकट में तैयारी की नजीर
कार्यक्रम के दौरान मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया जिसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संभावित हवाई हमले, केमिकल अटैक और संरचनात्मक गिरावट की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। जैसे ही सायरन बजा, नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
शहीदों को श्रद्धांजलि, सेना को बधाई
सीएम योगी ने पहलगाम में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि यह लड़ाई सिर्फ सेना की नहीं, पूरे देश की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री और तीनों सेनाओं को उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से बधाई दी।
कार्यक्रम में शामिल हुए ये वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी प्रशांत कुमार, एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश, लखनऊ कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर, जिलाधिकारी विशाख जी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




