अटेवा की जनजागरण यात्रा लखनऊ पहुंची: विजय कुमार बन्धु ने उठाई पुरानी पेंशन बहाली और TET की अनिवार्यता खत्म करने की मांग

लखनऊ (बीकेटी): अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से निकाली जा रही ‘जनजागरण यात्रा’ शनिवार को सीतापुर और बाराबंकी होते हुए लखनऊ की बख्शी का तालाब (BKT) तहसील पहुंची।
यहां बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र बहादुर सिंह ने अधिवक्ता साथियों के साथ फूल-मालाओं से यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा और शिक्षकों-कर्मचारियों की मुख्य मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया।
निजीकरण से आम आदमी का हो रहा नुकसान
अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विजय कुमार बन्धु ने कहा कि आज निजीकरण की नीतियों के कारण आम जनता से लेकर शिक्षक और कर्मचारी तक सभी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन (OPS) बहाल न होने के कारण जीवन भर सेवा करने वाले कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद महज 800 से 1800 रुपये की पेंशन पर गुजारा करने को मजबूर हैं।
उन्होंने हाल ही में शिक्षकों पर थोपी गई टीईटी (TET) परीक्षा का भी कड़ा विरोध किया। बन्धु ने कहा, “TET की अनिवार्यता से बिना अनिवार्य अर्हता वाले शिक्षकों की नौकरी खतरे में पड़ गई है। सरकार को तुरंत पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए, निजीकरण रोकना चाहिए और पुराने शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त करनी चाहिए।”
समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगी यात्रा
अटेवा के प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरजपति त्रिपाठी ने कहा कि यह जनजागरण यात्रा सिर्फ कर्मचारियों की नहीं है। इसके माध्यम से अटेवा समाज के सभी वर्गों के बीच अपनी बात पहुंचाएगा। प्रदेश सलाहकार नरेन्द्र कुमार ने भी बढ़ते निजीकरण को सभी वर्गों के लिए नुकसानदायक बताया।
22 जून से शुरू होगा यात्रा का दूसरा चरण
प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने यात्रा के अगले कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनजागरण यात्रा का पहला चरण 11 जून 2026 को काकोरी शहीद स्थल से शुरू हुआ था। अब इसका दूसरा चरण 22 जून 2026 को लखनऊ के तेलीबाग से शुरू होगा और प्रतापगढ़ में जाकर संपन्न होगा।
इस अवसर पर डॉ. कमल उसरी, विक्रमादित्य मौर्य, मंडलीय मंत्री यश राठौर, अमित वर्मा, अवनीश कुमार, सुनील वर्मा, कमलेश वर्मा, रमेश पाल, विजय काकोरी, विजय विश्वास, वेद आर्यन, विवेक, रजत प्रकाश, नर सिंह, राम चंद्र और महेश रावत सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




