धरती आबा अभियान: 26 जिलों के 517 गांवों में 18 विभाग बदलेंगे जनजातीय इलाकों की तस्वीर

लखनऊ। जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए योगी सरकार धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत एकीकृत कार्ययोजना चला रही है। जनजाति विकास विभाग के निदेशक प्रवीण मिश्र ने बताया कि प्रदेश के 26 जिलों के 47 ब्लॉक और 517 गांव इस अभियान में चिह्नित किए गए हैं।
चिह्नित गांवों में सोनभद्र के सर्वाधिक 176 गांव शामिल हैं। इसके अलावा बलिया के 61, ललितपुर के 38, देवरिया, कुशीनगर और लखीमपुर खीरी के 34-34 तथा गाजीपुर के 26 गांव अभियान का हिस्सा हैं। मिर्जापुर के 20, गोरखपुर के 18, चंदौली के 17 और बिजनौर के पांच गांव भी इसमें हैं।
18 विभाग, 25 हस्तक्षेप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2024 को इस अभियान की शुरुआत की थी। उत्तर प्रदेश में इसे प्रभावी बनाने के लिए जनजाति विकास विभाग के साथ कुल 18 विभागों को जोड़ा गया है। ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति, विद्युत ऊर्जा, कृषि, पशुपालन, कौशल विकास, पंचायती राज और पर्यटन समेत विभिन्न विभागों को 25 निर्धारित हस्तक्षेपों के माध्यम से गांवों को योजनाओं से संतृप्त करने की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार का जोर सड़क, पुल, नाली, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के साथ आजीविका के अवसर बढ़ाने पर है। विभागों के बीच समन्वय से पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें
निदेशक का कहना है कि जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विकास अब किसी एक विभाग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बुनियादी सुविधाओं का विस्तार एक साथ आगे बढ़ेगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



