India

डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने कार्य योजना, आगणन व कार्यों के रोस्टर की समय पर घोषणा की मांग की

LUCKNOW: डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष इं. एन.डी. द्विवेदी ने प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष को पत्र लिखकर वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कार्य योजना, आगणन प्रेषण तथा विभिन्न कार्यों का वार्षिक रोस्टर तत्काल जारी करने की मांग की है।

उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया कि रोस्टर समय पर जारी न होने के कारण पूरे वर्ष विभाग में अव्यवस्था बनी रहती है। खासकर वित्तीय वर्ष के अंतिम महीनों में कार्यों का अत्यधिक दबाव उत्पन्न हो जाता है, जिससे समय पर कार्य कर पाना संभव नहीं हो पाता और विभाग को बजट सरेंडर करना पड़ता है।

इं. द्विवेदी ने पत्र में विगत वर्षों के अनुभवों का हवाला देते हुए कहा कि विभाग द्वारा कार्य योजनाओं के अंतिमीकरण, आगणन प्रेषण तथा नवीनीकरण, विशेष मरम्मत, गड्ढा मुक्ति अभियान, पैच मरम्मत और नव निर्माण जैसे कार्यों के लिए कोई स्पष्ट मासिक रोस्टर जारी नहीं किया जाता। इसका प्रत्यक्ष असर न केवल कार्यों की गुणवत्ता पर पड़ता है, बल्कि विभागीय छवि भी प्रभावित होती है।

संघ ने यह भी उल्लेख किया है कि समय पर वित्तीय स्वीकृतियाँ न मिलने के कारण कार्यों की गति प्रभावित होती है और वर्षांत में कार्यभार अत्यधिक बढ़ जाता है। इस स्थिति से बचने के लिए आवश्यक है कि मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कार्यों का मासिक रोस्टर पूर्व निर्धारित किया जाए, जिससे समस्त कार्य सुचारु रूप से, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

संघ ने विभागाध्यक्ष से आग्रह किया है कि संघ द्वारा दिए गए सुझावों पर नियमानुसार विचार कर विभागीय हित में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे विभाग की कार्यक्षमता और प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सके।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button