लखीमपुर खीरी में मिसाल: झोपड़ी से जिला टॉपर तक, डीएम खुद पहुंचे सम्मान देने

लखीमपुर खीरी: यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में 93.60% अंक हासिल कर जिले में टॉप करने वाले उमाशंकर की सफलता ने पूरे जिले को गर्व से भर दिया। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल करने वाले उमाशंकर से मिलने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह खुद करीब 60 किलोमीटर दूर रामनगर बगहा गांव पहुंचे।
गांव में सादगी भरा लेकिन भावुक नज़ारा देखने को मिला, जब डीएम झोपड़ी के बाहर खटिया पर बैठकर उमाशंकर से मिले। उन्होंने उसे माला पहनाकर सम्मानित किया, मिठाई खिलाई और उसके संघर्ष, मेहनत व प्रतिभा की खुले दिल से सराहना की।
इस दौरान उमाशंकर ने अपनी लिखी कविताएं और ग़ज़लें भी डीएम को दिखाईं। उसकी साहित्यिक प्रतिभा से प्रभावित होकर डीएम ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ उसकी इस कला को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
उमाशंकर का सपना इंजीनियर बनने का है। यह सुनकर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उसकी आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में हर संभव मदद करेगा।
उमाशंकर की यह कहानी न सिर्फ मेहनत और लगन की मिसाल है, बल्कि यह भी साबित करती है कि हालात चाहे जैसे हों, अगर इरादे मजबूत हों तो सफलता जरूर मिलती है।




