UP

लखनऊ में लेसा का ‘घूसखोर’ जेई निलंबित, बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगी थी 1.5 लाख की रिश्वत

लखनऊ (Lucknow)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली विभाग (LESA) के एक भ्रष्ट जूनियर इंजीनियर (JE) पर गाज गिरी है। बिजली कनेक्शन देने के एवज में 1.5 लाख रुपये की घूस मांगने वाले अपट्रॉन के जेई नीलेश सिंह को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी जेई का रिश्वत मांगते हुए एक वीडियो बीते रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) केके चौधरी ने मंगलवार को निलंबन की सख्त कार्रवाई की।

क्या है पूरा मामला?

मालवीय नगर गुडशेड रोड के रहने वाले उपभोक्ता राज कुमार वर्मा ने 9 अप्रैल को 24 केवीए के नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आवेदन प्रक्रिया के बाद उन्हें सर्वे के नाम पर अलग-अलग नंबरों से लगातार फोन आने लगे। इसी कड़ी में 18 अप्रैल को जेई नीलेश सिंह ने उपभोक्ता को अपने दफ्तर बुलाया और कनेक्शन पास करने के एवज में सीधे रिश्वत की मांग कर दी।

लखनऊ में बिजली कनेक्शन के नाम पर 1.5 लाख की रिश्वत की मांग, JE का Video Viral होने पर रातों-रात लगा मीटर

1.5 लाख में डील और एटीएम का बहाना

जब उपभोक्ता ने घूस देने में आनाकानी की तो उसे एस्टीमेट बनाने का डर दिखाया गया। पीड़ित से कुल 1.5 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम मांगी गई। जेई ने यहां तक दावा किया कि इस रकम में वह कनेक्शन का सरकारी चार्ज भी खुद ही जमा करा देगा।

इस पूरी बातचीत का करीब 10 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें जेई स्पष्ट रूप से 1.5 लाख रुपये की मांग करता और तुरंत टीएफआर (TFR) करने का लालच देता नजर आ रहा है। पीड़ित राज कुमार एटीएम से पैसे निकालने का बहाना बनाकर किसी तरह तेजी से जेई के कार्यालय से बाहर निकल गए।

यह भी पढ़ें: स्मार्ट प्रीपेड मीटर के पक्ष में नैरेटिव सेट करा रहे चीफ इंजीनियर

यह भी पढ़ें: चीफ ने अधीक्षण अभियंता से खाली करा लिया कमरा

वायरल वीडियो के बाद एक्शन

रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बिजली महकमे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को अधीक्षण अभियंता केके चौधरी ने आरोपी जेई नीलेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान आरोपी जेई को अधिशासी अभियंता नेटवर्क एनालिसिस के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button