UP

गंगा की लहरों पर गरजे राफेल-सुखोई, काशी के आसमान में दिखा वायुसेना का शौर्य

वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी गुरुवार को भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम की साक्षी बनी। गंगा की लहरों के ऊपर जब राफेल और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों ने गर्जना के साथ उड़ान भरी तो घाटों पर मौजूद दर्शक रोमांचित हो उठे।

पहली बार वाराणसी में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में लड़ाकू विमानों की रफ्तार, हैरतअंगेज कलाबाजियों और जांबाज जवानों के साहस ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आसमान में बनते आकर्षक फॉर्मेशन और विमानों के बीच सटीक तालमेल ने भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता की झलक दिखाई।

एयर शो के दौरान राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और तेजस समेत विभिन्न विमानों ने अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। तेज गति से उड़ान भरते विमानों के अचानक दिशा बदलने, हवा में तीखे मोड़ लेने और अलग-अलग ऊंचाइयों पर करतब दिखाने के दौरान दर्शकों की निगाहें आसमान पर टिकी रहीं। गंगा के ऊपर विमानों की गूंज और घाटों से उठती तालियों ने माहौल को रोमांचक बना दिया।

गंगा की लहरों पर गरजे राफेल-सुखोई, काशी के आसमान में दिखा वायुसेना का शौर्य
Air Show thecoverage

राफेल के करतबों ने बढ़ाया रोमांच

एयर शो का प्रमुख आकर्षण राफेल का प्रदर्शन रहा। विमान ने तेज गति से उड़ान भरने के साथ हवा में तीखे मोड़ लेकर अपनी फुर्ती और नियंत्रण क्षमता का प्रदर्शन किया। 180 डिग्री के मोड़ और गति में बदलाव जैसे करतबों ने दर्शकों को रोमांचित किया। सुखोई समेत अन्य लड़ाकू विमानों ने भी अपनी रफ्तार और हवाई कौशल से लोगों का ध्यान खींचा। प्रदर्शन के दौरान पायलटों के कौशल और विमानों के सटीक नियंत्रण की झलक देखने को मिली।

चिनूक से जवानों का प्रदर्शन बना खास आकर्षण

लड़ाकू विमानों के साथ हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। चिनूक हेलीकॉप्टर से जवानों के उतरने के प्रदर्शन ने लोगों में उत्सुकता पैदा की। भारतीय वायुसेना के विशेष बल गरुड़ की भागीदारी ने कार्यक्रम को और खास बनाया। हेलीकॉप्टरों के जरिए जवानों के साहस और सैन्य अभियानों में उनकी भूमिका की झलक पेश की गई।

100 विमान, 25 फॉर्मेशन से दिखाई ताकत

एयर शो में करीब 100 विमानों ने हिस्सा लिया। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल था। देशभर के 12 वायुसेना अड्डों से पहुंचे विमानों ने 25 फॉर्मेशन के माध्यम से अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर और हल्के लड़ाकू विमान तेजस समेत कई विमानों ने हिस्सा लिया। चिनूक, अपाचे, एएलएच, प्रचंड और एमआई-17 वी5 जैसे हेलीकॉप्टरों ने भी अपनी परिचालन क्षमता दिखाई। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। परिवहन विमानों में सी-17, सी-130 और सी-295 सहित अन्य विमान शामिल रहे।

प्रचंड फॉर्मेशन में दिखी युद्धक क्षमता

प्रचंड फॉर्मेशन के माध्यम से वायुसेना की युद्धक तैयारी, समन्वय और सटीक कार्रवाई करने की क्षमता को रेखांकित किया गया। प्रदर्शन में आधुनिक सैन्य तकनीक के साथ वायु योद्धाओं की पेशेवर दक्षता का भी परिचय मिला।

24 और 25 अक्टूबर को भी होगा प्रदर्शन

‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को किया जा रहा है। पहले दिन के प्रदर्शन ने काशी में उत्साह का माहौल बना दिया। आने वाले दो दिनों में भी लोग गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमानों का शौर्य और हवाई करतब देख सकेंगे। धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए प्रसिद्ध काशी में यह आयोजन वायुसेना की आधुनिक क्षमता और जवानों के अदम्य साहस को करीब से देखने का खास अवसर बन रहा है।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button