कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में लगी आग

Lucknow: कल्याण सिंह कैंसर संस्थान (Kalyan Singh Super Speciality Cancer Institute & Hospital) में शनिवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि आग किसी वार्ड में नहीं थी बल्कि रेडिएशन आंकोलॉजी भवन में बने यूपीएस (UPS) रूम में रखी बैटरियों में लगी थी। आग देखकर कर्मियों ने फायर ब्रिगेड (Fire brigade) की टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।
कर्मचारियों का कहना है कि आग की घटना सवेरे करीब आठ बजे की है जब रेडिएशन आंकोलॉजी भवन में बने यूपीएस रूम से धुआं निकालता दिखाई दिया। धुआं देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मी आग-आग जोर से चिल्लाने लगे। जब तक कर्मचारी वहां पहुंचते आग की लपटें कमरे से बाहर आने लगीं। इसकी सूचना कर्मचारियों ने तुरंत संस्थान के अफसरों के साथ फायर विभाग को दी।
अग्निशमन विभाग की 4 गाड़ियां घटना स्थल पर पहुंचीं। इनमें एक गाड़ी गोमतीनगर और तीन पीजीआई (PGI) क्षेत्र से बुलाई गईं थीं। बताया जा रहा है कि संस्थान में मौजूद आग बुझाने वाले उपकरणों से ही आग पर काबू पा लिया गया। अफसरों का कहना है कि 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया है। संस्थान के प्रवक्ता डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि यूपीएस में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




