Health

शाहजहाँपुर: 108 एम्बुलेंस कर्मियों की सूझबूझ से बची सड़क हादसे में घायल की जान

शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले में 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सूझबूझ से एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। पुवायाँ रोड पर अत्कोना मोड़ के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सकीय उपचार देकर उसकी जान बचा ली गई। इस सराहनीय कार्य के लिए एम्बुलेंस टीम को ‘सेवियर’ (Savior) अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ था हादसा

बीते रविवार (28 जून 2026) को दोपहर करीब 1:00 बजे सत्यम शुक्ला अपने दो चाचा जगदीश और राम निहोर (50 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से सिमरई गांव जा रहे थे। पुवायाँ रोड पर अत्कोना मोड़ के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद एक राहगीर ने 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचित किया।

ईएमटी और पायलट ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही खुटार सीएचसी (Community Health Centre) लोकेशन पर तैनात 108 एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस के इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन (EMT) शैलेश कुमार और पायलट रामेंद्र दुबे ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायल राम निहोर की हालत बेहद नाजुक थी। उनके दाहिने पैर की जांघ की हड्डी (Femur) टूट चुकी थी और अत्यधिक खून बह रहा था। टीम ने तुरंत घाव पर दबाव बनाकर ड्रेसिंग की और तीनों घायलों को पास के खुटार सीएचसी पहुंचाया।

108 Ambulance Shahjahanpur 1 e1782814209880

बिगड़ी हालत, डॉक्टर की सलाह से बचाई जान

खुटार सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद राम निहोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें शाहजहाँपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मरीज राम निहोर की हालत अचानक बिगड़ने लगी। आंतरिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति नाजुक हो गई थी।

यह भी पढ़ें: बागपत: 102 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, HCV पॉजिटिव महिला का रास्ते में सुरक्षित प्रसव

ईएमटी शैलेश कुमार ने बिना समय गंवाए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के कॉल सेंटर में मौजूद ईआरसीपी (Emergency Response Center Physician) डॉ. सत्यानंद से फोन पर संपर्क किया। डॉक्टर के निर्देशानुसार एम्बुलेंस में ही मरीज को जरूरी जीवन रक्षक दवाएं, ऑक्सीजन और IV फ्लूइड दिया गया। समय पर मेडिकल सपोर्ट से मरीज के वाइटल्स स्थिर हो गए। मरीज को सुरक्षित रूप से शाहजहाँपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उनकी हालत में सुधार है।

यह भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर में 108 एम्बुलेंस टीम बनी मसीहा: सड़क हादसे में लहूलुहान जय प्रकाश को दी नई जिंदगी

परिजनों ने जताया आभार, टीम को मिला सम्मान

समय पर अस्पताल पहुंचाने और रास्ते में उचित इलाज देने के लिए मरीज के परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा और सरकार का आभार व्यक्त किया है। इस जीवन रक्षक मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए ईएमटी शैलेश कुमार और पायलट रामेंद्र दुबे को ‘सेवियर अवार्ड’ के तहत कैश प्राइज देकर सम्‍माजित किया गया है। दोनों कर्मचारियों ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आपातकालीन सेवाओं में और अधिक मेहनत से काम करने की प्रेरणा देता है।

Sunil Yadav

संपादक, लेखक और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button