UP

शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां पाटेश्वरी की चौखट पर माथा टेकेंगे सीएम योगी

देवी स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन करेंगे सीएम योगी, देंगे स्टडी टेबल का उपहार, ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ समारोह में मेधावी बालिकाओं का होगा सम्मान, खिलाड़ी बच्चों को भी मिलेंगे उपहार

बलरामपुर, 10 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार 11 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ की चौखट पर माथा टेकेंगे। वह देवी स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन करेंगे और मंदिर परिसर में आयोजित ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ बालिका सम्मान समारोह में भी शामिल होंगे, जहां वह मेधावी बालिकाओं को सम्मानित करने के साथ शिक्षा, प्रतिभा और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का संदेश देंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी मंदिर परिसर होगा।

मुख्यमंत्री सुबह मां पाटेश्वरी का दर्शन-पूजन करने के उपरांत मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में पहुंचेंगे। यहां वह मां शैलपुत्री स्वरूप एक कन्या और देवीस्वरूप आठ अन्य कन्याओं का पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री अपने हाथों से कन्याओं को टीका लगाएंगे, चुनरी ओढ़ाएंगे और उन्हें स्टडी टेबल का उपहार देंगे। इसके बाद वह राष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके बच्चों को सम्मानित कर उपहार भेंट करेंगे। वह परिसर में लगे विभिन्न स्टाल्स का अवलोकन करेंगे। इनमें शिक्षा विभाग से संबंधित ‘मेरा जनपद-मेरा प्रदेश’ के तहत बच्चों के चित्रों से जुड़ा स्टाल और मुख्यमंत्री को भेजे गए थैंक्यू कार्ड्स से संबंधित स्टाल शामिल हैं। मुख्यमंत्री थैंक्यू कार्ड भेजने वाली 16 बालिकाओं समेत उपस्थित बच्चों, उनके अभिभावकों और मेले में आए लोगों को संबोधित कर आशीर्वचन भी देंगे।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button