संपूर्ण लखनऊ तक होगा LDA का विस्तार, बाराबंकी में नया विकास प्राधिकरण और गाजियाबाद में बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शहरी विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़े फैसले लिए हैं। मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का दायरा पूरे लखनऊ जनपद तक बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बाराबंकी में नया विकास प्राधिकरण बनाने और गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
पूरे लखनऊ जनपद तक बढ़ेगा LDA का दायरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र (SCR) में लखनऊ की आबादी सबसे तेजी से बढ़ रही है। बढ़ती आवासीय और व्यावसायिक जरूरतों को पूरा करने के लिए एलडीए का विस्तार जरूरी है। इससे राजधानी के बाहरी इलाकों में अवैध निर्माण पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 1974 में गठित एलडीए का विस्तार इससे पहले 1999, 2009 और 2014 में हुआ था। वर्तमान में इसका क्षेत्रफल 1,051 वर्ग किलोमीटर है, जिसमें नगर महापालिका और 306 राजस्व ग्राम शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाएं भी आवश्यकतानुसार बढ़ाने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा है।
बाराबंकी में बनेगा नया विकास प्राधिकरण
लखनऊ से सटे बाराबंकी में तेजी से हो रहे शहरी और औद्योगिक विस्तार को देखते हुए नया विकास प्राधिकरण गठित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसका विस्तृत प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी के नजदीक होने से बाराबंकी में निर्माण गतिविधियां बढ़ी हैं। शुरुआत से ही सुनियोजित विकास होने पर भविष्य में जल निकासी और बुनियादी ढांचे की समस्या नहीं आएगी।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर का एकीकृत विकास
बैठक में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने इसके नियोजित विकास को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल कर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
यूपीसीडा की सीमा और एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच करीब 470 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र आता है।
इसमें 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं।
पिछले एक दशक में यहां निर्मित क्षेत्र दोगुने से अधिक हो गया है। वर्ष 2015 में यह 1,962 हेक्टेयर (4.19%) था, जो 2020 में 2,656 हेक्टेयर (5.67%) और 2025 में बढ़कर 3,902 हेक्टेयर (8.33%) पहुंच गया।
यह भी पढ़ें
गाजियाबाद में बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) आपसी समन्वय से काम करेंगे। दोनों संस्थाएं रेवेन्यू शेयर मॉडल पर निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन कर विस्तृत रिपोर्ट पेश करेंगी।
UP SCR-2051: 30 नवंबर तक तैयार होगा प्रारूप
उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र (UP SCR) की जीआईएस आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 का प्रारूप 30 नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य है। इसके बाद आमजन से आपत्तियां और सुझाव लिए जाएंगे। अंतिम स्वीकृति मिलते ही अगले पांच वर्षों की अल्पकालीन परियोजनाओं की डीपीआर (DPR) तैयार की जाएगी।
लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली को मिलाकर बना यह क्षेत्र 27,826 वर्ग किलोमीटर में फैला है। इसकी वर्तमान आबादी 2.92 करोड़ है, जो 2051 तक 4.9 करोड़ होने का अनुमान है। तब तक शहरीकरण 29% से बढ़कर 46% हो सकता है। वर्ष 2025 में ₹3.58 लाख करोड़ की जीडीपी के साथ यह क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 12% का योगदान दे रहा है।
छह जिलों के लिए विकास की प्राथमिकताएं:
लखनऊ: अर्बन रेजिलिएंस
रायबरेली: विनिर्माण और डिफेंस इंजीनियरिंग
उन्नाव: औद्योगिक विस्तार
बाराबंकी: कृषि-उद्योग और इको-टूरिज्म
हरदोई: संडीला औद्योगिक कॉरिडोर
सीतापुर: नैमिषारण्य के अनुरूप पर्यटन विकास
प्राधिकरणों में तेज होगी भर्ती, नियुक्त होंगे स्थायी टाउन प्लानर
मुख्यमंत्री ने विकास प्राधिकरणों में मानव संसाधन की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी प्राधिकरणों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। शहरी नियोजन को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




