शेनझोउ-24 लॉन्च: चीन ने पहली बार किसी विदेशी को भेजा अपने अंतरिक्ष स्टेशन, मुहम्मद जीशान अली बने अंतरिक्ष जाने वाले पहले पाकिस्तानी

चीन ने बुधवार सुबह शेनझोउ-24 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान को सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया। इस मिशन के साथ चीन ने पहली बार किसी विदेशी नागरिक को अपने तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन की ओर रवाना किया है। यान में दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली सवार हैं, जो अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी बन गए हैं।
लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट ने बीजिंग समय के मुताबिक सुबह 8:18 बजे (भारतीय समय सुबह 5:48 बजे) उत्तर-पश्चिमी चीन के गोबी रेगिस्तान में स्थित जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी। चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी (सीएमएसए) ने लॉन्च को “पूरी तरह सफल” बताया है।
10 मिनट में कक्षा में पहुंचा यान
सीएमएसए के अनुसार उड़ान के करीब 10 मिनट बाद यान रॉकेट से अलग होकर तय कक्षा में पहुंच गया और तीनों अंतरिक्ष यात्रियों की हालत ठीक है। चीनी अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक लॉन्च से अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ने (डॉकिंग) तक यान को करीब साढ़े तीन घंटे लगने थे।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने एक्स पर लॉन्च का वीडियो साझा किया:
मिशन की कमान 51 साल के तांग होंगबो के हाथ में है, जबकि 39 साल के वू यी फ्लाइट इंजीनियर हैं। 40 साल के मुहम्मद जीशान अली पाकिस्तान वायुसेना के पूर्व फाइटर पायलट हैं और इस मिशन में पेलोड स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं।
“25 करोड़ पाकिस्तानियों की उम्मीदें कंधे पर”
लॉन्च से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीशान अली ने कहा, “मैं अपने कंधे पर पाकिस्तान का नाम और 25 करोड़ पाकिस्तानियों की उम्मीदें लेकर जा रहा हूं।” उन्होंने बच्चों से कहा कि जब वह कक्षा में हों, तब आसमान की ओर देखें और याद रखें कि वह उनके सपनों के साथ वहां मौजूद हैं।
अंतिम चरण के चयन में जीशान अली के साथ खुर्रम दाऊद भी थे। दोनों उम्मीदवारों को चीन में चीनी विशेषज्ञों की देखरेख में प्रशिक्षण दिया गया। जीशान अली के मुताबिक सेंट्रीफ्यूज, बचाव और आपात प्रक्रियाओं की ट्रेनिंग से भी बड़ी चुनौती चीनी भाषा सीखना रही, क्योंकि यान के स्विच, सॉफ्टवेयर और घोषणाएं सब मंदारिन में हैं। इसके लिए उन्होंने बीजिंग में सात महीने तक गहन भाषा प्रशिक्षण लिया।
एक हफ्ते में लौटेंगे जीशान, क्विनोआ के बीजों पर करेंगे प्रयोग
जीशान अली अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब एक हफ्ता बिताएंगे, जबकि चीनी अंतरिक्ष यात्री आम तौर पर वहां छह महीने रहते हैं। वह शेनझोउ-23 यान से पृथ्वी पर लौटेंगे। तांग होंगबो और वू यी छह महीने तक तियांगोंग पर रहेंगे, जहां शेनझोउ-23 दल के सदस्य झू यांगझू भी उनके साथ होंगे।
अपने छोटे प्रवास में जीशान अली बैक्टीरिया में प्रकाश संश्लेषण और क्विनोआ के बीजों पर अंतरिक्ष विकिरण व सूक्ष्म गुरुत्व के असर का अध्ययन करेंगे। इसके अलावा वह पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी की ओर से तय चार प्रयोग भी करेंगे। पूरा दल अंतरिक्ष जीव विज्ञान, एयरोस्पेस मेडिसिन और दहन से जुड़े प्रयोगों के साथ यह भी देखेगा कि अंतरिक्ष का माहौल रक्त वाहिकाओं की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया पर कैसे असर डालता है।
चीन के लिए विज्ञान के साथ कूटनीति भी
पाकिस्तान के पास अपना मानवयुक्त अंतरिक्ष यान नहीं है, इसलिए वह इस मिशन के हर अहम चरण के लिए चीन पर निर्भर है। दोनों देशों ने पिछले साल अंतरिक्ष सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। अब तक करीब 50 देशों के नागरिक अंतरिक्ष जा चुके हैं, लेकिन अपने बनाए यान से इंसान को अंतरिक्ष भेजने की क्षमता सिर्फ अमेरिका, रूस और चीन के पास है।
यह भी पढ़ें
- वॉयजर 1 ने रचा इतिहास: पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस दूर पहुंचने वाला पहला यान बना
- NASA की बड़ी तैयारी: 50 साल बाद फिर इंसान जाएगा चांद पर
- एशिया पावर इंडेक्स 2026: भारत तीसरे नंबर पर कायम, चीन से फासला अब तक सबसे कम; अमेरिका की बढ़त भी घटी
किसी विदेशी को अपने स्टेशन पर ले जाकर चीन यह संदेश देना चाहता है कि तियांगोंग सिर्फ उसका नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय शोध मंच बन सकता है। अमेरिका के साथ अंतरिक्ष की होड़ में जुटे चीन ने 2024 में चांद के सुदूर हिस्से से पहली बार नमूने धरती पर लाए थे और उसका लक्ष्य 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर उतारना है।
भारत की बात करें तो भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पिछले साल एक्सिओम-4 मिशन के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचे थे, जबकि इसरो अपने गगनयान मिशन से देश में बने यान से अंतरिक्ष यात्री भेजने की तैयारी में है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




