India

सपा के मुफ्त बिजली वादे से खजाने पर पड़ेगा 47,591 करोड़ का सालाना बोझ: उपभोक्ता परिषद

निजीकरण न करने के ऐलान का स्वागत, परिषद ने कहा— राहत के साथ बिजली कंपनियों को मजबूत करने की कार्ययोजना भी जरूरी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में 300 यूनिट तक घरेलू बिजली और किसानों को मुफ्त बिजली देने के वादे पर उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने आर्थिक आकलन पेश किया है। परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा के अनुसार, इन घोषणाओं को लागू करने से राज्य के सरकारी खजाने पर प्रतिवर्ष लगभग 47,591 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। हालांकि, परिषद ने घोषणापत्र में बिजली का निजीकरण न करने और सार्वजनिक क्षेत्र को मजबूत करने के ऐलान का स्वागत किया है।

अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि उपभोक्ता परिषद लंबे समय से सभी राजनीतिक दलों से निजीकरण पर रोक लगाने और सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की मांग करती रही है। ऐसे में बाबा साहब की नीतियों के अनुरूप विभाग को सार्वजनिक क्षेत्र में मजबूत करने का वादा स्वागतयोग्य है। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर व अन्य घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और किसानों को मुफ्त बिजली देने के वादे पर उन्होंने कहा कि ऐसी घोषणाओं के आर्थिक प्रभाव और सरकारी खजाने पर पड़ने वाले भार का आकलन भी जरूरी है।

वर्तमान में दी जा रही 20,400 करोड़ की सब्सिडी

उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार पिछले करीब सात वर्षों से बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं कर रही है। वर्ष 2026-27 में किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली दरों में राहत देने के लिए लगभग 20,400 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। इसमें किसानों के निजी नलकूपों की बिजली सब्सिडी के लिए लगभग 12,845 करोड़ रुपये शामिल हैं।

आंकड़ों में समझें 47,591 करोड़ के बोझ का गणित

अवधेश कुमार वर्मा ने वर्ष 2026-27 के आंकड़ों के आधार पर संभावित वित्तीय भार का ब्योरा दिया:

कुल उपभोक्ता और राजस्व: प्रदेश में करीब 3 करोड़ 88 लाख 79 हजार 905 बिजली उपभोक्ता हैं, जिनसे कुल प्रस्तावित राजस्व लगभग 89,188 करोड़ रुपये है।

घरेलू श्रेणी का हिस्सा: प्रदेश के लगभग 3 करोड़ 37 लाख घरेलू उपभोक्ताओं से करीब 39,761 करोड़ रुपये का राजस्व प्रस्तावित है। इसमें 300 यूनिट से अधिक की खपत से मिलने वाला राजस्व लगभग 5,015 करोड़ रुपये है।

कुल संभावित बोझ: 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त करने पर घरेलू श्रेणी का करीब 34,746 करोड़ रुपये का राजस्व सरकारी खजाने को वहन करना पड़ेगा। इसमें किसानों के निजी नलकूपों की वर्तमान 12,845 करोड़ रुपये की सब्सिडी जोड़ने पर सरकारी खजाने पर प्रतिवर्ष लगभग 47,591 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा।

परिषद अध्यक्ष ने कहा कि उपभोक्ताओं को राहत देने वाली घोषणाओं के साथ-साथ बिजली विभाग और सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों को मजबूत करने, उनकी आर्थिक स्थिति सुधारने तथा गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक स्पष्ट कार्ययोजना का होना भी बेहद आवश्यक है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button