ग्राम चौपाल 3.0 में प्राप्त शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, डीएम नेहा शर्मा के आदेश पर FIR दर्ज

Lucknow: जनपद गोंडा में पारदर्शी प्रशासन और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती नेहा शर्मा द्वारा निरंतर सख़्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकास खंड हलधरमऊ की ग्राम पंचायत पहाड़ापुर में आयोजित ग्राम चौपाल 3.0 (Gram Chaupal) के दौरान प्राप्त एक शिकायत पर डीएम नेहा शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी किया।
डीएम के आदेश पर तत्परता दिखाते हुए कटरा बाजार थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई।

ग्राम चौपाल में गांव निवासी राजेन्द्र कुमार शुक्ला पुत्र जवाला प्रसाद ने शिकायत की कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में राजू पंडित पुत्र माधवराज के घर से संतोष सोनी के घर तक ग्राम पंचायत निधि से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि उक्त राजू पंडित ने जानबूझकर लगभग 20 मीटर इंटरलॉकिंग उखाड़कर वहां चट्टा बिछा दिया, जिससे शासकीय धन का दुरुपयोग हुआ।
शिकायत पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने मौके पर ही स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि, “शासकीय कार्यों में कोई भी गड़बड़ी या धन का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
ग्राम विकास अधिकारी विवेकानंद द्वारा प्रस्तुत तहरीर के अनुसार यह स्पष्ट है कि राजू पंडित ने सरकारी संपत्ति को जानबूझकर क्षति पहुंचाई, जो कि शासन के नियमों व ग्राम विकास की भावना के विरुद्ध है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



