UP

ATEWA Tiranga Yatra: पुरानी पेंशन बहाली (OPS) और TET की समाप्ति के लिए 21 अगस्‍त को यूपी में निकलेगा विशाल मार्च

लखनऊ: पुरानी पेंशन बहाली (OPS), TET की अनिवार्यता खत्म करने और निजीकरण के विरोध में अटेवा (ATEWA) ने बड़ा कदम उठाया है। कल, 21 अगस्त को पूरे उत्तर प्रदेश में अटेवा की ओर से एक विशाल ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी।

अटेवा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। प्रदेश के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी विभागों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। शिक्षकों और कर्मचारियों से इस तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। Ops तिरंगा यात्रा को लेकर सरकारी कर्मचारियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

पीएम और सीएम को सौंपा जाएगा ज्ञापन

योजना के मुताबिक, यह तिरंगा यात्रा प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर निकाली जाएगी। मार्च के समापन पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा जाएगा।

अटेवा के इस बड़े कार्यक्रम को अन्य कर्मचारी संगठनों का भी भरपूर साथ मिल रहा है। राजकीय नर्सेज संघ, सिंचाई अनुसचिवीय अधिष्ठान संघ और PGI नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन ने अपना समर्थन दिया है। इसके साथ ही बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, टीचर्स सेल्फ केयर टीम, विशिष्ट BTC वेलफेयर एसोसिएशन और प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन जैसे कई प्रमुख संगठनों के समर्थन पत्र लगातार प्राप्त हो रहे हैं।

ऐतिहासिक होगा कल का मार्च

अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने स्पष्ट किया कि इस तिरंगा यात्रा के जरिए सरकार तक कर्मचारियों की अहम मांगें और फरियाद पहुंचाई जाएंगी। वहीं, प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरजपति त्रिपाठी ने दावा किया है कि कल निकलने वाली यह प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक साबित होगी।

लखनऊ में शाम 4 बजे से शुरू होगी यात्रा

अटेवा लखनऊ के जिला संयोजक सुनील वर्मा और महामंत्री विजय कुमार विश्वास ने राजधानी के कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की है। लखनऊ में यह तिरंगा यात्रा कल शाम 4 बजे स्व. बी.एन. सिंह की प्रतिमा से शुरू की जाएगी।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button