UP

लोक-कल्याण और विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर: प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने गिनाईं केंद्रीय बजट 2026 की उपलब्धियां

सीतापुर। संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री मंयकेश्वर शरण सिंह ने जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बजट की बिंदुवार खूबियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि यह बजट लोक-कल्याणकारी, दूरगामी और सकारात्मक परिणाम देने वाला है, जिसमें निर्धन, मध्यम और उच्च—तीनों वर्गों के हितों का संतुलित ध्यान रखा गया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह बजट दुविधा के स्थान पर निर्णय, शब्दाडंबर के स्थान पर सुधार और लोक-लुभावन के स्थान पर जन-कल्याण को प्राथमिकता देता है। बजट का मूल उद्देश्य मध्यम वर्ग को सशक्त बनाना है। इसके तहत शिक्षा से रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से युवा सशक्तिकरण, सूक्ष्म-लघु-मध्यम उद्योगों (MSME) की क्षमता का पूर्ण उपयोग, तेज़ विनिर्माण विस्तार और आधारभूत संरचना आधारित दीर्घकालिक विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि बजट में ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों के लिए भी कई नई योजनाओं का समावेश किया गया है, वहीं वैश्विक स्तर पर भारत की सफलता को ध्यान में रखते हुए नीतिगत निर्णय लिए गए हैं। यह बजट 2047 के विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न को साकार करने की दिशा में निर्णायक कदम है।

स्वास्थ्य क्षेत्र पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की 10 से अधिक दवाइयों को सस्ता किया गया है, जिससे मध्यम वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही विदेश में पैसा भेजने पर लगने वाले टैक्स में कटौती से विदेश में पढ़ने वाले छात्रों और उनके परिवारों को भी लाभ होगा।

प्रेस वार्ता के अंत में जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बिसवां विधायक निर्मल वर्मा, कार्यक्रम संयोजक रोहित सिंह, जिला महामंत्री विश्राम सागर राठौर, भाजपा नेता शिवकुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Shailendra Yadav

शैलेंद्र यादव सीनियर पत्रकार हैं। वह राजनीति, एजूकेशन, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखते हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग और दिलचस्प कहानियां भी लिखते हैं। पत्रकारिता में 12 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत सीतापुर लाइव न्यूज. इसके बाद विभिन्‍न पत्र पत्रिकाओं में काम किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button