CGHS के बाद Railway Pharmacist भर्ती के नियमों में बड़ा बदलाव, B.Pharm और Pharm.D हुई न्यूनतम योग्यता

लखनऊ। भारत सरकार फार्मेसी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से कदम उठा रही है। इसी क्रम में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने फार्मासिस्टों की भर्ती को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। अब रेलवे में फार्मासिस्ट ग्रेड-III के पद पर सीधी भर्ती के लिए नई योग्यता तय कर दी गई है। इसके तहत बैचलर ऑफ फार्मेसी (B.Pharm) या डॉक्टर ऑफ फार्मेसी (Pharm.D) का होना अनिवार्य कर दिया गया है।
इससे पहले केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (CGHS) में भी फार्मासिस्ट पद के लिए यही न्यूनतम योग्यता लागू की गई थी। इस नए फैसले से फार्मेसी शिक्षा की गुणवत्ता और रोगी सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
डिप्लोमा फार्मासिस्टों के लिए ब्रिज कोर्स जरूरी
फार्मासिस्ट फेडरेशन सेंट्रल कमेटी के अध्यक्ष और चीफ फार्मेसिस्ट सुनील यादव ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सक्षम बनाने वाला कदम बताया है। इसके साथ ही उन्होंने सेवारत डिप्लोमा फार्मासिस्टों को अपग्रेड करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सुनील यादव ने कहा कि जो युवा डिप्लोमा के बाद निजी क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, उनके लिए ब्रिज कोर्स बहुत जरूरी है। इससे वे भविष्य में केंद्रीय सरकारी क्षेत्र की नौकरियों में नियुक्ति के लिए योग्य बन सकेंगे।

B.Pharm (Practice) कोर्स शुरू करने की अपील
भारत सरकार ने पहले ही डिप्लोमा फार्मासिस्टों के लिए B.Pharm (Practice) ब्रिज कोर्स को अधिसूचित किया हुआ है। इसके जरिए अनुभवी डिप्लोमा फार्मासिस्ट अपनी योग्यता को बैचलर स्तर तक बढ़ा सकते हैं। चाहे वे निजी क्षेत्र में हों या सरकारी सेवा में, इस कोर्स से उन्हें खुद को उच्चीकृत करने का मौका मिलेगा।
श्री सुनील यादव ने देश के सभी विश्वविद्यालयों और फार्मेसी संस्थानों से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि B.Pharm (Practice) कोर्स का संचालन जल्द से जल्द शुरू किया जाना चाहिए। इससे सेवारत डिप्लोमा फार्मासिस्टों को उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। साथ ही, देश को एक अत्यधिक दक्ष और आधुनिक फार्मेसी कार्यबल (Workforce) मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि अनुभव और उच्च शिक्षा का समन्वय ही भविष्य की आवश्यकता है। यह नई पहल फार्मासिस्टों के कैरियर को नई दिशा देगी। इससे मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं में भी बड़ा सुधार आएगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




