World

हर घंटे 5 महिलाओं की हत्या: UN रिपोर्ट में खुलासा, 2025 में 47 हजार महिलाएं-लड़कियां अपने ही पार्टनर या परिजनों के हाथों मारी गईं

दुनिया भर में महिलाओं और लड़कियों के लिए सबसे खतरनाक जगह अब भी उनका अपना घर है। संयुक्त राष्ट्र की नई रिपोर्ट के मुताबिक 2025 में करीब 47 हजार महिलाओं और लड़कियों की हत्या उनके पति, पार्टनर या परिवार के ही किसी सदस्य ने की। यानी हर दिन औसतन 129 और हर घंटे करीब पांच महिलाएं अपनों के हाथों मारी गईं।

यह आंकड़ा संयुक्त राष्ट्र ड्रग्स और अपराध कार्यालय (UNODC) और यूएन वीमेन की ‘2026 फेमिसाइड ब्रीफ’ में सामने आया है, जिसे 25 नवंबर को मनाए जाने वाले महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस से ठीक पहले जारी किया गया।

78 हजार हत्याओं में 60 फीसदी अपनों ने कीं

रिपोर्ट के अनुसार 2025 में दुनिया भर में करीब 78 हजार महिलाओं और लड़कियों की जानबूझकर हत्या की गई। इनमें से लगभग 60 फीसदी मामलों में हत्यारा कोई करीबी था, यानी मौजूदा या पूर्व पति, लिव-इन या डेटिंग पार्टनर, या फिर माता-पिता, भाई, ससुराल पक्ष जैसा कोई परिजन।

2024 में ऐसे मामलों का अनुमान 50 हजार था। रिपोर्ट साफ कहती है कि इस बार संख्या कम दिखने को गिरावट न समझा जाए, क्योंकि यह फर्क मुख्य रूप से देशों से मिलने वाले आंकड़ों में सुधार की वजह से है।

अफ्रीका में सबसे ज्यादा मामले, एशिया भी अछूता नहीं

पार्टनर या परिजनों के हाथों होने वाली हत्याओं की दर अफ्रीका में सबसे ऊंची रही, जहां प्रति एक लाख महिला आबादी पर 2.9 महिलाएं मारी गईं। संख्या के लिहाज से भी अफ्रीका सबसे आगे रहा, जहां करीब 22,100 महिलाओं की जान गई। इसके बाद अमेरिकी महाद्वीप (1.4), ओशिनिया (1.1), एशिया (0.6) और यूरोप (0.5) का स्थान रहा।

रिपोर्ट बताती है कि 2010 से 2025 के बीच अमेरिकी महाद्वीप और यूरोप में आम हत्याओं की दर जितनी तेजी से घटी, उतनी तेजी से महिलाओं की ऐसी हत्याएं नहीं घटीं। अमेरिकी महाद्वीप में आम हत्याओं की दर करीब दोगुनी रफ्तार से और यूरोप में करीब डेढ़ गुना रफ्तार से कम हुई। रिपोर्ट के मुताबिक इससे पता चलता है कि ये अपराध सामाजिक सोच और लैंगिक रूढ़ियों में गहरे जड़े हुए हैं।

संयुक्त राष्ट्र समाचार सेवा ने एक्स पर न्यूयॉर्क मुख्यालय में लगाए गए 129 झंडों की तस्वीरें साझा कीं, जो हर दिन मारी जाने वाली 129 महिलाओं की याद में लगाए गए:

सिर्फ 7 फीसदी पीड़ित पुलिस तक पहुंचती हैं

यूएन वीमेन की एक अलग रिपोर्ट ‘एक्सेस टू जस्टिस फॉर वीमेन सर्वाइवर्स ऑफ वायलेंस’ बताती है कि दुनिया में लगभग हर तीन में से एक महिला ने जीवन में कभी न कभी शारीरिक या यौन हिंसा झेली है। करीब 84 करोड़ महिलाएं और लड़कियां इस हिंसा की शिकार हुई हैं, लेकिन सिर्फ 23 फीसदी ही परिवार, समुदाय या अधिकारियों से मदद मांगती हैं और महज 7 फीसदी मामले पुलिस तक पहुंचते हैं।

54 देशों के आंकड़ों पर आधारित इस रिपोर्ट के अनुसार एशिया में केवल 16 फीसदी पीड़िताएं मदद मांगती हैं, जबकि अफ्रीका में यह आंकड़ा 31 फीसदी और लैटिन अमेरिका व कैरिबियन में 40 फीसदी है। यूएन वीमेन की अधिकारी कैलियोपी मिंगेरू ने बताया कि दर्ज होने वाले 63 से 97 फीसदी मामलों में सजा तक नहीं हो पाती।

यूएन वीमेन की उप कार्यकारी निदेशक न्यारादजायी गुम्बोंजवांडा ने न्यूयॉर्क में पत्रकारों से कहा, “ज्यादातर देशों में चुप्पी और गहरी होती जा रही है। आज पहले से कम महिलाएं मदद मांग रही हैं। हम पीछे जा रहे हैं।” उन्होंने यह भी चेताया कि एआई की मदद से अब कुछ ही सेकंड में महिलाओं की डीपफेक तस्वीरें बनाई जा सकती हैं, जो जिंदगी भर उनका पीछा करती हैं।

यह भी पढ़ें

10 दिसंबर तक चलेगा 16 दिन का अभियान

UNODC की कार्यकारी निदेशक मोनिका जुमा ने कहा कि डराने वाली सोच, सामाजिक मान्यताएं और संस्थागत सुरक्षा की नाकामी ऐसा माहौल बनाती हैं, जिसमें पत्नी, बेटी, मां या बहन की हत्या को ‘बर्दाश्त करने लायक’ मान लिया जाता है। यूएन वीमेन की कार्यकारी निदेशक सीमा बहौस ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित ढंग से शिकायत करने और समय पर सुरक्षा पाने का रास्ता मिलना चाहिए, क्योंकि चेतावनी के संकेत अनदेखे रह जाएं तो नतीजा जानलेवा हो सकता है।

25 नवंबर से मानवाधिकार दिवस यानी 10 दिसंबर तक लैंगिक हिंसा के खिलाफ 16 दिन का वैश्विक अभियान चलेगा। इस साल की थीम है ‘UNiTE to End Violence Against Women and Girls: Ensure Justice, Protect Survivors, End Impunity’। अभियान के तहत दुनिया भर में इमारतों को नारंगी रोशनी से सजाकर एकजुटता जताई जा रही है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button