फवाद खान-माहिरा खान की नेटफ्लिक्स सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पर बैन की मांग, AICWA ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि फवाद खान, माहिरा खान और हानिया आमिर जैसे कलाकारों वाली यह सीरीज 4 दिसंबर को भारत में न तो रिलीज हो और न ही स्ट्रीम की जाए।
एसोसिएशन ने इसके साथ ही एक स्थायी कानून की मांग भी की है, जिसमें सख्त सजा का प्रावधान हो और पाकिस्तानी कलाकारों, फिल्मों, सीरीज, गानों और पॉडकास्ट को भारतीय टीवी, ओटीटी प्लेटफॉर्म और सिनेमाघरों में दिखाने पर पूरी तरह रोक लगे।
पीएम मोदी को लिखा पत्र, एक्स पर किया साझा
AICWA अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता की ओर से 24 नवंबर को लिखा गया यह पत्र सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और नेटफ्लिक्स इंडिया को भी भेजा गया है। एसोसिएशन ने पत्र एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “आतंक को कोई तालियां नहीं। राष्ट्र सबसे पहले।”
पत्र में सीरीज के कलाकारों पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव के दौर में भारत के खिलाफ बयान दिए। एसोसिएशन ने 1993 के मुंबई धमाकों और कारगिल युद्ध से लेकर पुलवामा और पहलगाम तक के आतंकी हमलों का जिक्र किया और लिखा कि जिन परिवारों ने अपने बेटे, पति और पिता खोए हैं, उनसे उसी देश का मनोरंजन देखने को कैसे कहा जा सकता है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एडवाइजरी का हवाला
AICWA ने अपने पत्र में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 की उस एडवाइजरी का हवाला दिया है, जिसमें भारत में काम करने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म, स्ट्रीमिंग सेवाओं और इंटरमीडियरी से पाकिस्तान में बनी वेब सीरीज, फिल्में, गाने और पॉडकास्ट न दिखाने को कहा गया था। एसोसिएशन का कहना है कि इस सीरीज की रिलीज उस एडवाइजरी की भावना और देश की भावनाओं के खिलाफ होगी।
एसोसिएशन ने नेटफ्लिक्स इंडिया और बाकी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से यह भी कहा है कि वे सार्वजनिक रूप से, अपने सोशल मीडिया पोस्ट में, साफ करें कि ऐसी सामग्री भारत में नहीं दिखाई जाएगी। पत्र में लिखा गया है कि कारोबारी हित कभी भी राष्ट्रीय सुरक्षा और शहीदों के परिवारों की भावनाओं से ऊपर नहीं हो सकते।
नेटफ्लिक्स दफ्तर के घेराव की चेतावनी
पत्र के बाद सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने एक इंटरव्यू में चेतावनी दी कि अगर नेटफ्लिक्स ने 4 दिसंबर को यह सीरीज भारत में रिलीज की, तो एसोसिएशन नेटफ्लिक्स के दफ्तर का घेराव करेगी। रिपब्लिक ने एक्स पर उनका यह बयान वीडियो के साथ साझा किया:
नेटफ्लिक्स ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि 4 दिसंबर को आने वाली यह सीरीज भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी या नहीं।
पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तानी कलाकारों पर रोक
अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों वाली फिल्मों और शो पर रोक लग गई थी। दिलजीत दोसांझ और हानिया आमिर की ‘सरदार जी 3’ भारत में रिलीज नहीं हो सकी थी, जबकि फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ पर भी रोक लगी थी। फवाद खान, हानिया आमिर और आतिफ असलम समेत कई पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट भी भारत में बंद कर दिए गए थे।
यह भी पढ़ें
- भारत का बड़ा एक्शन: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर हमला
- इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2026: वीर दास और ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ खाली हाथ लौटे
- ‘IC814 कंधार हाईजैक’: साहस और संघर्ष की सच्ची कहानी
क्या है ‘जो बचे हैं संग समेट लो’
मोमिना दुरैद के निर्देशन और निर्माण में बनी यह सीरीज 2023 में घोषित हुई थी और फरहत इश्तियाक के इसी नाम के चर्चित उर्दू उपन्यास पर आधारित है। अंग्रेजी में इसका नाम ‘ऑल द लव आवर हार्ट्स कैरी’ है। कहानी हार्वर्ड लॉ स्कूल के छात्र सिकंदर शहरयार और कलाकार लिजा के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी मुलाकात इटली में होती है। नेटफ्लिक्स के मुताबिक इसमें तीन पीढ़ियों में फैली छह प्रेम कहानियां हैं।
सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान के अलावा हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, माया अली, बिलाल अशरफ, अहमद अली अकबर और हमजा अली अब्बासी जैसे कलाकार हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




