Health

डेढ़ साल से टीबी मरीजों की मदद कर रहे प्रदीप, बांटीं 1460 पोषण पोटली

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के उप नर्सिंग अधीक्षक प्रदीप गंगवार लगातार टीबी मुक्त प्रयासों में जुटे हुए हैं। पिछले करीब डेढ़ साल से टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे उनके अभियान के तहत अब तक 1460 पोषण पोटली वितरित की जा चुकी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को ठाकुरगंज स्थित टीबी अस्पताल में 40 टीबी मरीजों को पोषण पोटली दी गई।

प्रदीप गंगवार का मानना है कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल दवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों को उचित पोषण, मानसिक संबल और सामाजिक सहयोग देना भी जरूरी है। इससे मरीजों को उपचार के दौरान सहारा मिलता है और बीमारी के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि लखनऊ को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में यह सेवा अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों और सामाजिक संगठनों से भी टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि मरीजों के प्रति भेदभाव समाप्त करना, उन्हें सम्मान देना और जरूरत के समय सहयोग उपलब्ध कराना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।

इस अभियान में केजीएमयू के शारीरिक चिकित्सा एवं पुनर्वास विभाग (PMR) के विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार गुप्ता का आर्थिक और नैतिक सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। इसके अलावा अमित सिंह, नलिन शुक्ला, सुरेश सिंह, वीके दीक्षित और बलराम श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोगी भी समय-समय पर योगदान दे रहे हैं।

ठाकुरगंज टीबी अस्पताल में आयोजित पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसपी सिंह, एजाज अहमद, रजनीश श्रीवास्तव और अनूप मोहिनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों और मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया गया।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button